घटना को लेकर एक पक्ष के लोगों ने थाना की लिखित शिकायत
By Prabhat Khabar News Desk | Updated at :
छतरपुर.
थाना क्षेत्र के चीरू गांव के चहलथान में मटकोड़वा के दौरान डांस करते जा रही महिलाओं का वीडियो बनाने का विरोध करने पर मनचले युवकों ने हमला कर दिया. लाठी-डंडे से मारकर कई महिलाओं को घायल कर दिया. घायल सोनी देवी ने बताया कि उसके भाई की शादी के मटकोड़वा में घर की महिलाएं डांस करते हुए जा रही थीं. उसी दौरान गांव के यादव टोला के युवक डांस करती लड़कियों का वीडियो बनाने लगे. जिसका विरोध करने पर उन युवकों ने लाठी-डंडा से हमला कर दिया. मारपीट में सोनी देवी, सोनाली कुमारी, पूनम कुमारी, गोपाल राम, उषा देवी, पूनम देवी, राजन कुमार, रामोद राम, सरयू राम गंभीर रूप से घायल हैं. जबकि दूसरे पक्ष से उदय यादव व उसकी पत्नी सुरजी देवी घायल हैं. सोनी देवी ने बताया कि जब घायलों को वाहन से छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया जा रहा था, तो उस वाहन पर भी यादव टोला के युवकों ने हमला कर क्षतिग्रस्त कर दिया. इधर दूसरे पक्ष से घायल उदय यादव ने बताया कि शोरगुल के बाद बीच बचाव करने गये, तो गोपाल राम और उसके परिजनों ने लाठी-डंडा से मारकर घायल कर दिया. इधर, सभी घायलों को प्राथमिक उपचार अनुमंडलीय अस्पताल में करने के बाद बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया. इस संबंध में थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि गोपाल राम द्वारा महिलाओं के साथ मारपीट किये जाने की लिखित शिकायत मिली है. जांच के बाद कार्रवाई की जायेगी.
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।