मेदिनीनगर. विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को राज्यभर में बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों की हड़ताल है. हड़ताल के समर्थन में बैंक के आंचलिक कार्यालयों के बाहर कर्मचारी और अधिकारी एकजुट होकर प्रदर्शन कर रहे हैं. कई जगहों पर बैंक शाखाओं और कार्यालयों के बाहर तंबू लगाकर कर्मचारी प्रदर्शन कर रहे हैं. बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी भी आंदोलन में शामिल हैं.
कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन में शामिल हुए कर्मचारी
मेदिनीनगरमें महेंद्रा आर्केड स्थित बैंक ऑफ इंडिया, कचहरी चौक स्थित भारतीय स्टेट बैंक, बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक समेत अन्य बैंकों के कर्मचारी भी कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन में शामिल हुए. कर्मचारी विभिन्न मांगों को लेकर नारेबाजी कर रहे हैं. शुक्रवार की हड़ताल के बाद शनिवार को दूसरा शनिवार और रविवार की छुट्टी रहेगी. इसके कारण बैंकों में लगातार तीन दिनों तक सामान्य कामकाज प्रभावित रहेगा.
ये भी पढ़ें: पलामू : PHC है,स्वास्थ्यकर्मी हैं, पर रहने को आवास नहीं; किशुनपुर में रात होते ही लाचार हो जाती है स्वास्थ्य सेवा
30 से 35 हजार कर्मचारी हड़ताल में शामिल
बैंक कर्मचारियों के अनुसार, राज्यभर में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में कार्यरत करीब 30 से 35 हजार अधिकारी और कर्मचारी हड़ताल में सीधे तौर पर शामिल हैं. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के साथ हुई वार्ता बेनतीजा रहने के बाद अखिल भारतीय स्तर पर 11 सितंबर को हड़ताल का आह्वान किया गया था. बैंक अधिकारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर पहल नहीं हुई, तो अक्टूबर के अंत से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जा सकती है. प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की.
ये भी पढ़ें: पलामू : पाटन के दर्जनों गांवों में पहुंचे मंत्री राधाकृष्ण किशोर, बोले- प्राथमिकता से होगा समस्याओं का समाधान
