प्रतिनिधि, हरिहरगंज
प्रखंड के कौवाखोह स्थित बालकिशन सिंह इंटरमीडिएट महाविद्यालय के खेल मैदान में शनिवार को ऑटो चालक संघ की बैठक हुई. इसकी अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार ने की. सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किये गये. इस दौरान संघ ने निर्णय लिया कि आठ जून को सभी ऑटो रिक्शा चालक अपना परिचालन पूरी तरह बंद रखेंगे. सभी चालक सुबह 10 बजे ऑटो के साथ अररुआ खुर्द मध्य विद्यालय मैदान में एकत्रित होंगे और समस्या व मांगों पर विचार-विमर्श करेंगे. इसके बाद नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपेंगे. संघ ने स्पष्ट किया कि हड़ताल के दौरान कोई भी ऑटो चालक सवारी लेकर नही जायेंगे. इसका उल्लंघन करने पर संघ के द्वारा अनुशासनात्मक कार्रवाई की जायेगी. हड़ताल की सूचना ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से आम लोगों एवं ऑटो चालकों को दे दी गयी है. बैठक में ऑटो चालकों ने मांग की कि पड़ाव शुल्क 24 घंटे में केवल एक बार लेने, साथ ही वाहन चालकों के लिए बिजली, पेयजल एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं उपलब्ध कराने, दुर्घटना बीमा सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ चालकों को देने सहित कई मांग शामिल है. बैठक में मोहम्मद बाबर अंसारी, शत्रुघ्न राम, अखिलेश पासवान, मो. लड्डू अंसारी, विनय यादव, अवधेश राम, संतोष पासवान, अजय राम सहित काफी संख्या में आटोचालक मौजूद थे.
