प्रतिनिधि, मेदिनीनगर पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के चिल्हो खुर्द गांव के 50 वर्षीय पारा शिक्षक उदय सिंह की हत्या के मामले में मृतक के मित्र पारा शिक्षक 40 वर्षीय सुरेंद्र यादव को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. शनिवार को एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि पारा शिक्षक उदय सिंह की हत्या गुरुवार को अज्ञात व्यक्ति के द्वारा धारदार हथियार से कर दिया गया था. इस मामले में मृतक की पत्नी ने छतरपुर थाना में मामला दर्ज कराया था. पुलिस ने मोबाइल के सीडीआर व तकनीकी साक्ष्य के आधार पर सुरेंद्र यादव को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की. आरोपी ने बताया कि वह मृतक उदय सिंह से छह माह पूर्व 25 हजार कर्ज के रूप में लिया था. उदय सिंह सूद समेत 50 हजार मांग रहा था. इसी बात को लेकर एक सप्ताह पूर्व दोनों के बीच कहासुनी हुई थी. मृतक द्वारा सुरेंद्र यादव के साथ धक्का-मुक्की व गाली-गलौज की गयी थी. एसडीपीओ ने बताया कि इस बात को लेकर सुरेंद्र यादव काफी नाराज था. गुरुवार को दोनों पारा शिक्षक पाटन बाजार में मिले थे. इसके बाद सुरेंद्र ने उदय को बोला कि चलो शराब पीते हैं. इसके बाद सुरेंद्र ने पाटन बाजार से ही शराब खरीदकर दोनों गांव की ओर निकल गये. रास्ते में शराब का सेवन किया. नशा में होने के बाद सुरेंद्र ने उदय को फरसा से गला काटकर हत्या कर दी. दोनों पारा शिक्षकों के घर की बीच की दूरी दो किलोमीटर है. दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी. एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर मृतक उदय सिंह का मोबाइल फोन, घटना में उपयोग किया गया फरसा व अपाची बाइक जेएच 03 एडब्ल्यू 5683 को जब्त किया है. छापेमारी में एसडीपीओ प्रशांत कुमार, पुलिस निरीक्षक द्वारका राम, छतरपुर थाना प्रभारी सौरभ चौबे, पुलिस अवर निरीक्षक राहुल कुमार, सहायक अवर निरीक्षक राजीव कुमार, संजय कुमार सिंह, रविंद्र तिवारी व सशस्त्र बल के जवान मौजूद थे. हत्या के विरोध में आक्रोशित लोगों ने थाना का किया घेराव पारा शिक्षक उदय सिंह की हत्या के विरोध में शनिवार को काफी संख्या में महिला-पुरुषों ने छतरपुर थाना का घेराव किया. इसके बाद गेट के समक्ष मुख्य सड़क को जाम कर दिया. सूचना मिलने के बाद एसडीओ गणेश महतो, सीओ सह बीडीओ आशीष कुमार साहू, पुलिस इंस्पेक्टर द्वारिका राम घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया. ग्रामीणों ने सरकारी प्रावधान के अनुसार मृतक के परिजनों को मुआवजा का मांग कर रहे थे. मृतक के पुत्र विपिन सिंह ने हत्या में शामिल आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की. मृतक के पत्नी तेतरी देवी ने बताया कि षड्यंत्र कर पति की हत्या की गयी है. इंस्पेक्टर द्वारिका राम ने बताया कि एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. शेष आरोपियों को पुलिस जल्द गिरफ्तार लेगी. आश्वासन के बाद करीब तीन घंटे बाद जाम हटाया गया.
उदय को पैसा मांगना पड़ा महंगा, षड्यंत्र रचकर दोस्त ने की हत्या, गिरफ्तार
उदय को पैसा मांगना पड़ा महंगा, षड्यंत्र रचकर दोस्त ने की हत्या, गिरफ्तार
