पलामू से चंद्रशेखर सिंह की रिपोर्ट
Palamu News: उम्र के 96वें पड़ाव पर कूल्हे में फ्रैक्चर के बाद ऑपरेशन कराना परिजनों के लिए बड़ी चुनौती थी. लेकिन बेहतर चिकित्सा सुविधा और चिकित्सक पर भरोसे के कारण बिहार के आरा निवासी सेवानिवृत्त पुलिस इंस्पेक्टर वीके चौधरी ने मां शांति देवी का सफल ऑपरेशन मेदिनीनगर के नारायण अस्पताल में कराया. वरिष्ठ उम्र में जटिल माने जाने वाले इस ऑपरेशन के बाद शांति देवी की स्थिति में सुधार है और वह पहले की अपेक्षा काफी बेहतर महसूस कर रही हैं.
कई विकल्प के बाद मेंदिनीनगर को ही चुना
शांति देवी के कूल्हे में फ्रैक्चर होने के बाद परिजनों के सामने इलाज को लेकर कई विकल्प थे. पटना में कई बड़े अस्पताल होने के बावजूद वीके चौधरी ने अपनी मां को इलाज के लिए मेदिनीनगर लाने का निर्णय लिया. उन्होंने बताया कि वह पूर्व 2011 में पलामू में पुलिस पदाधिकारी के रूप में पदस्थापित रह चुके हैं. इसी दौरान उन्होंने चिकित्सक डॉ. राहुल अग्रवाल की चिकित्सा सेवा और कार्यशैली को करीब से देखा था. डॉ राहुल के प्रति उसी पुराने भरोसे के कारण उन्होंने पटना, रांची या किसी अन्य शहर के बजाय मेदिनीनगर में ही अपनी मां का ऑपरेशन कराने का फैसला किया.
डॉ राहुल अग्रवाल पर था भरोसा: वीके चौधरी
वीके चौधरी ने कहा कि उनकी मां बिहार के आरा जिले के गांव में रहती हैं. उन्होंने कहा कि पटना में भी कई बड़े अस्पताल हैं, लेकिन हमें डॉ. राहुल अग्रवाल पर भरोसा था. उनका नाम और उनके इलाज के बारे में पहले से सुनते रहे हैं. इसलिए उम्र की अधिकता के बावजूद हमने मां को उनके पास मेदिनीनगर लाने का निर्णय लिया.उन्होंने डॉ. राहुल अग्रवाल सहित नारायण अस्पताल की पूरी चिकित्सा टीम के प्रति आभार जताया.
डॉक्टर कर रहे निगरानी
उन्होंने कहा कि उम्रदराज मरीज के सफल ऑपरेशन से यह भरोसा और मजबूत हुआ है कि गंभीर और जटिल मामलों में भी अनुभवी चिकित्सक और बेहतर चिकित्सा व्यवस्था के कारण स्थानीय स्तर पर उपचार संभव है. परिजनों के अनुसार शांति देवी अब पहले की अपेक्षा बेहतर महसूस कर रही हैं और चिकित्सकों की निगरानी में स्वास्थ्य लाभ ले रही हैं. वीके चौधरी ने कहा कि ऑपरेशन के बाद मां को बेहतर स्थिति में देखकर परिवार को काफी राहत मिली है.
इसे भी पढ़ें: झारखंड का अनोखा शिवालय, जहां 150 सालों से हो रही खंडित शिवलिंग की पूजा, जानें क्या है रहस्य?
ऑपरेशन करना था चुनौतीपूर्ण: डॉ राहुल अग्रवाल
नारायण अस्पताल में डॉ. राहुल अग्रवाल ने शांति देवी के कूल्हे का ऑपरेशन किया. डॉ. राहुल ने बताया कि 96 वर्ष की उम्र में मरीज का ऑपरेशन निश्चित रूप से चुनौतीपूर्ण था, लेकिन पूरी चिकित्सा टीम के सहयोग और सावधानीपूर्वक उपचार के माध्यम से ऑपरेशन सफल रहा. ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है और चिकित्सकों की निगरानी में उनका स्वास्थ्य लाभ जारी है.
इसे भी पढ़ें: Jharkhand Medical Counselling: JCECEB का सर्वर लगातार तीसरे दिन डाउन, च्वाइस फिलिंग को लेकर छात्रों की बढ़ी चिंता
