मेदिनीनगर : सोमवार को पड़वा मधुरी जंगल के सदावह नदी के किनारे तीन अपराधी आपस में ही भिड़ गये. तीनों अपराधी एक साथ खानेपीने के लिए जुटे थे. उनकी योजना अपराधिक घटना को अंजाम देने की थी. इसी को लेकर खानेपीने के बहाने तीनों मधुरी जंगल के पास जुटे थे. इन तीनों अपराधियों में दो मेदिनीनगर के दीपक डोम व राजू डोम थे. जबकि तीसरा पड़वा थाना क्षेत्र के बासु गांव का चंदन कुमार मेहता है. तीनों की दोस्ती मेदिनीनगर के सेट्रल जेल में हुई थी.
गोली चालन की घटना में दीपक व राजू डोम को गोली है. पुलिस ने घायल राजू व दीपक को इलाज के लिए मेदिनीनगर सदर अस्पताल भेजा था, जहां से बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया है. पड़वा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने बताया कि गोली चालन की घटना सोमवार की दोपहर करीब दो बजे की है. दीपक डोम व राजू डोम दोनों मेदिनीनगर से चंदन मेहता के बुलावे पर गये थे. दीपक डोम व राजू डोम दोनों अापराधिक चरित्र की व्यक्ति है.
चोरी की घटना में दोनों जेल जा चुके हैं. चंदन मेहता भी पिछले साल रामनवमी के समय जेल गया था. जेल में ही तीनों की दोस्ती हो गयी थी. चंदन ने मधुरी जंगल में दोनों को बुलाया था. वहीं खानेपीने का भी इंतजाम था. इसी दौरान किसी बात को लेकर तीनों के बीच कहा सुनी हो गयी और इसी में चंदन ने दोनों को लक्ष्य कर गोली चला दी, जिसमें दोनों घायल हो गये.
पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि अचानक विवाद हुआ था या पूर्व में भी कोई विवाद था. हो सकता है कि विवाद के कारण ही जंगल में बुलाकर चंदन में दोनों को टारगेट किया हो या किसी अापराधिक घटना में लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था. सभी पहलुओं पर छानबीन की जा रही है. इस मामले में तीनों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. हिरासत में ही तीनों का इलाज चल रहा है. दो की हालत गंभीर है उसे रिम्स भेजा गया है.
