मेदिनीनगर : भाकपा माले रेड स्टार के केंद्रीय महासचिव केएन रामचंद्रन ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार की नीतियों से देश को नुकसान हो रहा है. अच्छे दिन का सपना दिखाकर सत्ता हासिल करने वाली भाजपा सरकार आमजनता के हितों के बजाये कॉरपोरेट घरानों को खुश करने में लगी हुई है. कांग्रेस की राह पर ही भाजपा भी चल रही है. आजादी के बाद से कांग्रेस ने जनवादी अधिकार समाप्त करने की कोशिश की थी. भाजपा ने भी कॉरपोरेट को बढ़ावा देकर जनता के जनवादी अधिकारों पर हमला कर रही है.
केंद्रीय महासचिव श्री रामचंद्रन बुधवार को पलामू क्लब में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे. उन्होंने कहा कि देश की जो मौजूदा स्थिति है उसमें एक विकल्प तैयार करने की आवश्यकता है. कांग्रेस के साथ क्षेत्रीय दल व वाम संगठन मिलकर महागठबंधन बना रहे हैं. भाजपा के संघी फांसीवाद व कॉरपोरेट से मुक्ति दिलाने में यह महागठबंधन सफल नहीं हो पायेगा. इसलिए भाकपा माले रेड स्टार देश में नये विकल्प तैयार करने में जुटी है.
जनता के अधिकारों को लेकर आंदोलन कर रहे क्रांतिकारी संगठन के साथ मिलकर नया विकल्प तैयार किया जायेगा.
जनसंघर्ष से ही परिवर्तन आयेगा. पोलित ब्यूरो सदस्य प्रदीप सिंह ठाकुर ने अपने हक अधिकार के लिए आम जनता को क्रांति के रास्ते पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. संघर्षशील वामपंथी व जनवादी ताकतों के अलावे उत्पीड़ित वर्ग के लोगों को एकजुट होने की जरूरत है. केंद्रीय कमेटी सदस्य वशिष्ट तिवारी ने कहा कि भाजपा झारखंड बदहाली के दौरा से गुजर रहा है.
यूपीए व एनडीए दोनों का चरित्र एक जैसा ही है. खनिज व वन संपदा का दोहन किया जा रहा है. आमजनों के हितों की रक्षा के बजाये भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है. ऐसी स्थिति में आमजनों को गोलबंद होने की जरूरत है. मौके पर तीर्थराज सिंह, डॉ अनिल मिस्त्री,सरस्वती देवी आदि मौजूद थे.
