मेदिनीनगर : सदर अस्पताल में सक्रिय दलालों पर अंकुश लगे, इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर सक्रियता के साथ पहल शुरू कर दी गयी है. सोमवार को पलामू उपायुक्त अमीत कुमार के आदेश के आलोक में प्रशिक्षु आइएस कुमार ताराचंद्र ने अस्पताल में पदस्थापित चिकित्सकों के साथ बैठक की. इस बैठक में चिकित्सकों से ही यह सुझाव मांगा गया कि कैसे अस्पताल की व्यवस्था में सुधार हो. लेकिन इसके साथ-साथ चिकित्सकों से भी यह अपेक्षा की गयी कि व्यवस्था के सुधार में अपना सक्रिय योगदान दें.
आमतौर पर यह देखा जाता है कि डॉक्टर अपने निजी स्टॉफ को लेकर अस्पताल चले आते है. इसके बाद वैसे दूसरे लोगों को भी अवसर मिल जाता है और धीरे-धीरे वे लोग भी अस्पताल में पैठ बना लेते हैं और दलालों की संस्कृति विकसित हो जाती है. इसलिए यह जरूरी है कि डॉक्टर अपना निजी स्टॉफ भी अस्पताल में न लाये, ताकि दूसरों पर भी अंकुश लगाये जा सके. इस बात पर सहमति बनी. बैठक में डॉ आनंद कुमार,डॉ एमपी सिंह, डॉ विजय कुमार सिंह, डॉ प्रवीण सिद्धार्थ, डॉ सुशील कुमार पांडेय, डॉ गौरव विशाल, डॉ राजीव नयन, डॉ एसएस होरो, डॉ स्नेहलता त्रिपाठी, डॉ नीलम होरो, डॉ अर्चना पांडेय, डॉ आरके रंजन,डीपीएम प्रवीण सिंह,केवल सिंह, दिलीप कुमार, रामकुमार सहित कई लोग मौजूद थे.
