संवाददाता, पाकुड़. स्वस्थ शरीर ही सफल जीवन की आधारशिला है. इसी भाव को साकार करते हुए आयुष विभाग जिलेभर में योग व आयुष चिकित्सा पद्धति को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर रहा है. आयुर्विद्या कार्यक्रम अंतर्गत संचालित इस पहल का मुख्य उद्देश्य आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, जीवनशैली में सुधार लाना एवं प्राकृतिक उपचार पद्धतियों को बढ़ावा देना है. बुधवार को पाकुड़, पाकुड़िया, हिरणपुर, महेशपुर, लिट्टीपाड़ा, अमड़ापाड़ा सहित अन्य 40 स्थानों पर योग प्रशिक्षकों ने नागरिकों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान तकनीकों का प्रशिक्षण दिया. प्रशिक्षकों ने दैनिक जीवन में योग को शामिल करने के लाभों की जानकारी दी. आयुष विभाग के पदाधिकारी ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से न केवल रोग-प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है, बल्कि मानसिक संतुलन और सकारात्मक सोच भी विकसित होती है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
