संवाददाता, पाकुड़. उपायुक्त कार्यालय में शुक्रवार को मृत सरकारी सेवकों के आश्रितों को अनुकम्पा के आधार पर नियुक्ति-पत्र प्रदान किया गया. उपायुक्त मनीष कुमार ने व्यक्तिगत रूप से नियुक्ति-पत्र सौंपते हुए उन्हें नयी जिम्मेदारियों के लिए शुभकामना दी. जिला अनुकम्पा समिति की बैठक में की गयी अनुशंसा पर तीन आश्रितों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किया गया. समाहरणालय संवर्ग के तहत अनुसेवक के पद पर दिनेश किस्कू, सनत कुमार माल एवं देवीधन मोहली को नियुक्ति-पत्र सौंपा गया. इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि सेवा के दौरान दिवंगत कर्मियों के आश्रित परिवारों को समय पर आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना सरकार की संवेदनशील पहल है. कहा कि अनुकम्पा नियुक्ति केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व का भी प्रतीक है. उपायुक्त ने नवनियुक्त कर्मियों से कहा कि कार्यस्थल पर अनुशासन, समय का पालन एवं कर्तव्यनिष्ठा सर्वोपरि है. उन्होंने अपेक्षा जताई कि सभी नवनियुक्त कर्मी पूर्ण ईमानदारी, निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे. मौके पर स्थापना उप समाहर्ता त्रिभुवन कुमार सिंह, कार्यपालक दंडाधिकारी कांति रश्मि उपस्थित थे.
समाहरणालय में अनुकम्पा पर तीन आश्रितों को मिली नौकरी
पाकुड़. उपायुक्त कार्यालय में शुक्रवार को मृत सरकारी सेवकों के आश्रितों को अनुकम्पा के आधार पर नियुक्ति-पत्र प्रदान किया गया.
