विधानसभा की कल्याण समिति ने योजनाओं की समीक्षा संवाददाता, पाकुड़. झारखंड विधानसभा की एससी-एसटी, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण समिति शनिवार को पाकुड़ पहुंची. परिसदन में सभापति सह महेशपुर विधायक स्टीफन मरांडी की अध्यक्षता में बैठक हुई. बैठक में समिति के सदस्य सह कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा व जामा विधायक डॉ लुईस मरांडी मौजूद थीं. सभापति के पाकुड़ आगमन पर उप विकास आयुक्त महेश कुमार संथालिया ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया. बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, पंचायत, परिवहन, समाज कल्याण, सामाजिक सुरक्षा, कल्याण, उद्योग, उत्पाद, खनन, कृषि, पशुपालन, भूमि-संरक्षण, उद्यान, सहकारिता, खेल, पर्यटन, श्रम, नियोजन, लघु सिंचाई, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, सिंचाई, ग्रामीण कार्य विभाग, नगर परिषद की योजनाओं की समीक्षा की गयी. सभापति श्री मरांडी ने कहा कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करें. उन्होंने विभागों को निर्देश दिया कि आर्थिक एवं सामाजिक रूप से पिछड़े वर्गों को न्याय और विकास से जोड़ने के लिए समुचित कार्रवाई करें. सभापति ने कार्यों में तेजी लाने तथा योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का निर्देश दिया. मौके पर अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, महेशपुर एसडीपीओ आदि मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
