साहिबगंज जिले में तेज आंधी-तूफान ने प्रखंड क्षेत्र में मचाई भारी तबाही गरीब परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर प्रतिनिधि, राजमहल प्रखंड क्षेत्र में सोमवार देर रात आए तेज आंधी तूफान और मूसलधार बारिश ने भारी तबाही मचाई . तेज हवाओं के कारण कई गांवों में कच्चे मकान और एसबेस्टस व खपड़े वाली छतें क्षतिग्रस्त हो गईं . घटना के बाद प्रभावित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए. पश्चिमी जामनगर पंचायत निवासी हब्बू रजक के घर का एसबेस्टस तेज हवा में उड़ गया. वहीं सुबोल मंडल, सरिता देवी, मनोज मंडल और धर्मेंद्र मंडल सहित कई ग्रामीणों के घरों की छतों पर लगे खपड़े भी तूफान में उड़कर बिखर गए . ग्रामीणों ने बताया कि देर रात अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज गर्जना के साथ आंधी शुरू हो गयी. तेज हवा और लगातार बारिश के कारण लोग पूरी रात भय और दहशत के माहौल में जागते रहे . पीड़ित सुबोल मंडल ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य रात में सो रहे थे . इसी दौरान अचानक तेज हवा चली और घर की छत उड़ गई . घर में छोटे छोटे बच्चे भी मौजूद थे . आसपास के लोगों की मदद से किसी तरह सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया . हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ. आंधी तूफान से गरीब परिवारों को सबसे अधिक नुकसान हुआ है . घरों की छत उड़ जाने से खाने पीने का सामान, कपड़े और अन्य घरेलू सामग्री बारिश में भींगकर खराब हो गई . कई परिवार अस्थायी व्यवस्था कर रात गुजारने को विवश हैं . घटना के बाद प्रभावित ग्रामीणों ने अंचल प्रशासन से क्षति का आकलन कर अविलंब राहत सामग्री, मुआवजा और घरों की मरम्मत के लिए सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है .
आंधी-पानी000 राजमहल में कई गांवों में कच्चे मकान और छतें क्षतिग्रस्त
साहिबगंज जिले के राजमहल प्रखंड में तेज आंधी-तूफान और मूसलधार बारिश से भारी नुकसान हुआ। कई गांवों में कच्चे मकान और छतें उड़ गईं, जिससे गरीब परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए। लोगों को रातभर दहशत में गुजारनी पड़ी। हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ। प्रभावित ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द राहत सामग्री, मुआवजा एवं घरों की मरम्मत के लिए सहायता की मांग की है।
