अमड़ापाड़ा : अमड़ापाड़ा मुख्य बाजार स्थित किशुन वर्मा ज्वेलर्स में दिनदहाड़े हुई लाखों रुपये की लूट की घटना के सात दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं. तीन अपराधियों द्वारा हथियार के बल पर की गयी लूट के मामले में पुलिस लगातार छानबीन कर रही है, लेकिन अब तक अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. इसी बीच मंगलवार देर शाम पाकुड़ जिले के एसपी अनुदीप सिंह भारी पुलिस बल के साथ अमड़ापाड़ा पहुंचे और पूरे मुख्य बाजार क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.
थाना से मुख्य बाजार तक पैदल किया निरीक्षण
एसपी अनुदीप सिंह ने अमड़ापाड़ा थाना से पैदल भ्रमण शुरू किया. पुलिस बल के साथ उन्होंने मुख्य बाजार की विभिन्न सड़कों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया. इस दौरान बाजार की सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस गश्ती और आने-जाने वाले मार्गों की स्थिति की जानकारी ली गयी. एसपी के अचानक बाजार में पैदल निरीक्षण से स्थानीय व्यवसायियों और आम लोगों के बीच भी पुलिस की सक्रियता को लेकर चर्चा रही.
घटनास्थल पहुंचकर दुकानदार से ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान एसपी किशुन वर्मा ज्वेलर्स पहुंचे और लूट की घटना वाले स्थान का जायजा लिया. उन्होंने दुकान मालिक मनोज वर्मा से घटना से संबंधित आवश्यक जानकारी ली. एसपी ने घटना के दौरान अपराधियों की गतिविधियों, उनके हुलिए, आने-जाने के रास्ते और अब तक पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों की जानकारी भी ली.
थाना में अधिकारियों के साथ की बैठक
बाजार निरीक्षण के बाद एसपी ने अमड़ापाड़ा थाना में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में एसडीपीओ विजय कुमार, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा सहित अन्य थानों के थाना प्रभारी मौजूद रहे. एसपी ने लूटकांड की जांच की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया.
बाजार की सुरक्षा को लेकर पुलिस गंभीर
एसपी अनुदीप सिंह ने कहा कि अमड़ापाड़ा बाजार क्षेत्र को किसी भी तरह की घटना से सुरक्षित रखने और अप्रिय घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से बाजार का निरीक्षण किया गया है. उन्होंने कहा कि पुलिस बाजार क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने को लेकर आवश्यक कदम उठा रही है. संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी और गश्ती व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने दुकानदारों से सीसीटीवी कैमरा लगाने की भी अपील की.
गहराई से चल रही लूटकांड की जांच
एसपी अनुदीप सिंह ने कहा कि किशुन वर्मा ज्वेलर्स में हुई लूट के मामले की पुलिस बेहद गहराई से जांच कर रही है. पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर काम कर रही है और अपराधियों तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयास जारी है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही लूट की घटना में शामिल अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होंगे.
