अमड़ापाड़ा : थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव के समीप साहिबगंज-गोविंदपुर हाईवे पर शनिवार की दोपहर बाइक और साइकिल के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गयी. हादसे में बाइक सवार की इलाज के दौरान मौत हो गयी, जबकि साइकिल सवार को मामूली चोटें आयीं. मृतक की पहचान महेशपुर थाना क्षेत्र के बास्कन्द्री गांव निवासी सुलेमान हांसदा (35), पिता मिस्त्री हांसदा के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, सुलेमान हांसदा फतेहपुर में आयोजित फुटबॉल मैच देखकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान पहाड़पुर गांव के समीप उनकी बाइक की सामने से आ रही साइकिल से जोरदार टक्कर हो गयी. साइकिल पर अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के टूटरापहाड़ गांव निवासी बामना पहाड़िया, पिता छोटा कालू पहाड़िया सवार थे.
इलाज के दौरान बाइक सवार की मौत
दुर्घटना के बाद स्थानीय पुलिस की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फतेहपुर पहुंचाया गया. चिकित्सकों के अनुसार, सुलेमान हांसदा के सिर में गंभीर चोट लगी थी. इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी. वहीं, बामना पहाड़िया को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी.
मौत की खबर मिलते ही मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे. सुलेमान की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गयी. बाद में परिजन शव को अपने साथ गांव ले गये.
