पाकुड़ में प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित, 4 सितंबर तक दर्ज होंगे दावा-आपत्ति

पाकुड़ जिले में प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित हो गई है। मतदाता 4 सितंबर तक नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन के लिए दावा-आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।

पाकुड़: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत पाकुड़ जिले की प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है. इसके साथ ही मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन एवं स्थानांतरण के लिए 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है.

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने बताया कि प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में जिले के कुल 7,81,740 मतदाता शामिल हैं. इनमें 3,86,534 पुरुष, 3,95,202 महिला एवं चार तृतीय लिंग मतदाता हैं. वहीं 12,171 दिव्यांग मतदाता भी सूची में पंजीकृत हैं. मतदाताओं की सुविधा को देखते हुए जिले में मतदान केंद्रों की संख्या 1,014 से बढ़ाकर 1,068 कर दी गई है.

उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं का सत्यापन किया गया. वहीं मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित, अनुपस्थित एवं अन्य श्रेणी के मतदाताओं का भी सत्यापन कर सूची को अद्यतन किया गया है.

उपायुक्त ने कहा कि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र युवा प्रपत्र-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं. नाम हटाने, संशोधन एवं स्थानांतरण से संबंधित आवेदन भी निर्धारित प्रपत्रों में स्वीकार किए जाएंगे.

मतदाताओं की सुविधा के लिए 8-9 अगस्त तथा 22-23 अगस्त को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे. इसके अलावा 25 अगस्त से 4 सितंबर तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे. उपायुक्त ने सभी पात्र नागरिकों से प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम जांचने तथा किसी भी त्रुटि की स्थिति में निर्धारित अवधि के भीतर आवेदन करने की अपील की.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सानू दत्ता

सानू दत्ता: पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं। वर्तमान में प्रभात खबर, पाकुड़ में कार्यरत हूं। ग्रामीण विकास, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायत और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखता हूं। डिजिटल पत्रकारिता और मल्टीमीडिया कंटेंट निर्माण के क्षेत्र में भी सक्रिय रूप से कार्य कर रहा हूं।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >