हिरणपुर. प्रखंड मुख्यालय में शुक्रवार को विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा श्रद्धा, उल्लास के साथ संपन्न हुई. सुबह से ही विभिन्न पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही. बच्चों, युवाओं और महिलाओं में विशेष उत्साह देखा गया. प्रखंड के सभी विद्यालयों, कोचिंग सेंटरों, गांव-मुहल्लों में आकर्षक पंडाल बनाकर विधि-विधान से मां सरस्वती की आराधना की गयी. छात्र-छात्राओं ने मां से विद्या, बुद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की. कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ, जहां बच्चों ने गीत, संगीत और नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया. श्रद्धालु परिवार सहित पंडालों में पहुंचकर मां सरस्वती का पूजन-दर्शन करते रहे. शनिवार को हिरणपुर हाइस्कूल के निकट मेले का आयोजन किया जायेगा, जिसे लेकर लोगों में खासा उत्साह है. पूजा व मेला में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में रहा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
