संवाददाता, पाकुड़ विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर रविवार को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पाकुड़ में तंबाकू एवं धूम्रपान के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ सुरेंद्र कुमार मिश्रा, जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ एसके झा, जिला शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक विनोद कुमार वर्मा, मेडिकल ऑफिसर डॉ मिमी खातून सहित एएनएम, जीएनएम एवं सहिया कार्यकर्ताओं ने भाग लिया. इस दौरान सभी स्वास्थ्य कर्मियों ने तंबाकू सेवन छोड़ने, समाज को तंबाकू और धूम्रपान की लत से बचाने, कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा तंबाकू जनित रोगों से प्रभावित व्यक्तियों को समय पर स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाकर उपचार सुनिश्चित कराने की शपथ ली. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ सुरेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि जीवन अनमोल है और इसकी सुरक्षा प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का निवास होता है, जबकि तंबाकू, सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थ व्यक्ति को गंभीर बीमारियों की ओर धकेलते हैं. उन्होंने युवाओं में तंबाकू सेवन और धूम्रपान के बढ़ते चलन पर चिंता जताई. जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ एसके झा ने कहा कि सिगरेट, बीड़ी, तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों की आसान उपलब्धता लोगों को नशे की ओर आकर्षित कर रही है. उन्होंने बताया कि तंबाकू सेवन के कारण ओरल कैंसर के मामलों में वृद्धि हो रही है. कार्यक्रम के अंत में “हम में है दम, तंबाकू को ना कहें ” और “जिंदगी चुनें, तंबाकू नहीं ” के नारों के साथ जनजागरूकता अभियान शुरू किया गया तथा जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया.
तंबाकू और धूम्रपान के दुष्प्रभावों पर स्वास्थ्य विभाग ने किया जागरूक
पाकुड़ के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर तंबाकू और धूम्रपान के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने शपथ ग्रहण समारोह हुआ। सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र मिश्रा, जिला आरसीएच अधिकारी डॉ. एसके झा समेत स्वास्थ्य कर्मियों ने तंबाकू सेवन छोड़ने और कैंसर जैसी बीमारियों से बचाव की शपथ ली। कार्यक्रम में तंबाकू के बढ़ते सेवन पर चिंता जताई गई और "हम में है दम, तंबाकू को ना कहें " जैसे नारे लगाकर जनजागरूकता अभियान शुरू किया गया।
