पाकुड़ : शहर के चौक-चौराहों पर पाकुड़ सीओ कुमार अरविंद बेदिया के विरुद्ध पोस्टरबाजी करने के मामले में नगर थाना की पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. सीओ के लिखित आवेदन के आधार पर कांड संख्या 203/26 दर्ज किया गया है. पुलिस के अनुसार मामले में दो नामजद समेत अन्य को आरोपी बनाया गया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करने की बात कही है.
पोस्टर चिपकाकर छवि धूमिल करने का आरोप
नगर थाना से मिली जानकारी के अनुसार सीओ कुमार अरविंद बेदिया ने थाना में दिए आवेदन में सार्वजनिक एवं सरकारी स्थलों पर बिना तथ्य के पोस्टर चिपकाकर उनकी छवि धूमिल करने और सोशल मीडिया के माध्यम से इसका प्रचार-प्रसार करने का आरोप लगाया है. आवेदन के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है.
सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टरबाजी को बताया अनुचित
सीओ कुमार अरविंद बेदिया ने बताया कि सार्वजनिक एवं सरकारी स्थलों पर बिना तथ्य किसी प्रकार की पोस्टरबाजी करना अनुचित है. उन्होंने कहा कि इस मामले में नगर थाना को लिखित आवेदन दिया गया है और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है.
दोषियों की पहचान में जुटी पुलिस
नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि सीओ के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले में पुलिस अग्रतर कार्रवाई कर रही है. पोस्टरबाजी में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
मुख्य चौक-चौराहों पर हुई थी पोस्टरबाजी
बता दें कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पाकुड़ सीओ के विरुद्ध पोस्टर लगाए गए थे. पोस्टरबाजी का मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई थी. अब पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
