रेल पटरी धंसने से थमी ट्रेनों की रफ्तार : पाकुड़ होकर चलने वाली कई ट्रेनें रद्द

पाकुड़ में लगातार बारिश के कारण फरक्का-तिलडांगा के बीच रेल पटरी धंस गई है. इस कारण कई महत्वपूर्ण ट्रेनें अप और डाउन दोनों दिशाओं में रद्द कर दी गई हैं. यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

पाकुड़ : लगातार हो रही बारिश के कारण फरक्का-तिलडांगा के बीच रेल पटरी धंसने से पाकुड़ होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है. रेल पटरी की स्थिति को देखते हुए रेलवे ने कई ट्रेनों को अप और डाउन दोनों दिशाओं में रद्द कर दिया है, जबकि कुछ ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है. ट्रेनों के रद्द होने से पाकुड़ रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

कई ट्रेनें अप-डाउन में रद्द

पाकुड़ रेलवे स्टेशन से मिली जानकारी के अनुसार हल्दीबाड़ी एक्सप्रेस, बालूघाट एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस और इंटरसिटी एक्सप्रेस को अप और डाउन दोनों दिशाओं में रद्द किया गया है. वहीं मुजफ्फरपुर-यशवंतपुर एक्सप्रेस और अरुणिय एक्सप्रेस का मार्ग परिवर्तित किया गया है. ट्रेनों के रद्द होने और मार्ग परिवर्तन के कारण पाकुड़ से मालदा, कटिहार सहित अन्य क्षेत्रों में जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है.

इंटरसिटी रद्द होने से बढ़ी दिक्कत

मालदा की ओर से पाकुड़ होते हुए कोलकाता जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस के रद्द होने से यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है. सबसे अधिक दिक्कत इलाज के लिए कोलकाता जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों को हो रही है. कई यात्रियों को ट्रेन रद्द होने की जानकारी मिलने के बाद वैकल्पिक साधनों से यात्रा करने के लिए मजबूर होना पड़ा.

मरम्मत कार्य में जुटा रेलवे

पाकुड़ स्टेशन प्रबंधक लखीराम हेंब्रम ने बताया कि फरक्का-तिलडांगा के बीच लगातार बारिश के कारण रेल पटरी धंस गई है. सुरक्षा के मद्देनजर पाकुड़ होकर आने-जाने वाली कुछ ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है. उन्होंने बताया कि रेलवे की ओर से रेल पटरी की मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है. ट्रेनों का परिचालन कब तक सामान्य होगा, इस संबंध में समाचार लिखे जाने तक रेलवे की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली थी. समाचार लिखे जाने तक उक्त ट्रेनें रद्द थीं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राघव कुमार मिश्रा

राघव कुमार मिश्रा प्रभात खबर के पाकुड़ प्रतिनिधि हैं. उन्होंने स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है. वर्ष 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. प्रशासन, राजनीति, अपराध, सामाजिक सरोकार, शिक्षा और विकास से जुड़े विषयों की रिपोर्टिंग में उन्हें व्यापक अनुभव है. जमीनी मुद्दों पर तथ्यपरक और निष्पक्ष रिपोर्टिंग के लिए उन्हें जाना जाता है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >