पाकुड़ : समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने शुक्रवार को अनुकंपा नियुक्ति समिति की चार अगस्त 2026 की अनुशंसा के आधार पर मृत सरकारी सेवकों के चार आश्रितों को नियुक्ति पत्र सौंपे.
तीन को समाहरणालय, एक को शिक्षा विभाग में मिली नियुक्ति
समाहरणालय में खोकन लेट को सहायक सह कंप्यूटर संचालक, शीला माल और सरवन राय को अनुसेवक तथा शिक्षा विभाग में समीर मरांडी को निम्नवर्गीय लिपिक सह कंप्यूटर संचालक के पद पर नियुक्ति दी गयी.
ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से काम करने की अपील
उपायुक्त ने नवनियुक्त कर्मियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने की अपील की. उन्होंने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे परिवारों को आर्थिक और सामाजिक संबल देने की महत्वपूर्ण व्यवस्था है.
जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान
उपायुक्त ने नवनियुक्त कर्मियों से जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की. उन्होंने कहा कि कर्मियों को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हुए विभाग और जिला प्रशासन की गरिमा को मजबूत करने में योगदान देना चाहिए.
