पाकुड़ में DMFT सड़क पर बाबूलाल के सवाल : कुछ महीनों में गहरे गड्ढे, 95 लाख के गार्डवाल की भी जांच की मांग

पाकुड़ में डीएमएफटी मद से बनी पीसीसी सड़क की गुणवत्ता पर बाबूलाल मरांडी ने सवाल उठाए हैं. उन्होंने सीएम हेमंत सोरेन से जांच और कार्रवाई की मांग की है.

पाकुड़ : पाकुड़ अंचल की इलामी पंचायत अंतर्गत इलामी से बागनापाड़ा तक डीएमएफटी मद से निर्मित पीसीसी सड़क एवं गार्डवाल की गुणवत्ता को लेकर नेता प्रतिपक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने सवाल उठाये हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र भेजकर योजना की गुणवत्ता, डीपीआर के अनुरूप कार्य तथा निर्माण में इस्तेमाल सामग्री की जांच कराने की मांग की है. पत्र में दोषी पाये जाने पर संवेदक, कार्यकारी एजेंसी एवं संबंधित अभियंताओं के खिलाफ कार्रवाई का आग्रह किया गया है.

डीएमएफटी मद से 2025 में कराया गया था निर्माण

16 अगस्त को भेजे गये पत्र में पूर्व मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया है कि वर्ष 2025 में तत्कालीन उपायुक्त की स्वीकृति से डीएमएफटी कोष से योजना का निर्माण कराया गया था. पत्र के अनुसार, ग्रामीणों के संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त आवेदन के माध्यम से निर्माण कार्य में अनियमितता की शिकायत सामने आयी है.

सड़क में गड्ढे, घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप

ग्रामीणों के आरोपों का हवाला देते हुए पत्र में कहा गया है कि सड़क निर्माण के कुछ ही महीनों बाद कई स्थानों पर गहरे गड्ढे हो गये हैं. सड़क की ऊपरी परत करीब चार इंच तथा गार्डवाल की नींव की गहराई करीब पांच इंच होने की शिकायत की गयी है. गार्डवाल निर्माण में घटिया बोल्डर, कम मात्रा में सीमेंट और निम्न गुणवत्ता की बालू के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया गया है.

95 लाख की योजना, 50 फीट निर्माण के बाद काम बंद करने का आरोप

पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2025 में इसी पंचायत में सत्तार मौलवी के घर के पास करीब 95 लाख रुपये की लागत से 150 फीट गार्डवाल निर्माण का प्रावधान था. ग्रामीणों के अनुसार, करीब 50 फीट निर्माण के बाद ही काम छोड़ दिया गया.

जांच कर कार्रवाई की मांग

बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री से डीएमएफटी मद से निर्मित पीसीसी सड़क एवं गार्डवाल की गुणवत्ता और कार्य की जांच के लिए टीम गठित करने की मांग की है. उन्होंने डीपीआर के अनुरूप निर्माण, उपयोग की गयी सामग्री और कार्यकारी एजेंसी की भूमिका की जांच कराने तथा दोषी संवेदक, एजेंसी एवं संबंधित अभियंताओं पर कार्रवाई की मांग की है. पत्र की प्रतिलिपि उपायुक्त, पाकुड़ को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गयी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सानू दत्ता

सानू दत्ता: पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं। वर्तमान में प्रभात खबर, पाकुड़ में कार्यरत हूं। ग्रामीण विकास, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायत और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखता हूं। डिजिटल पत्रकारिता और मल्टीमीडिया कंटेंट निर्माण के क्षेत्र में भी सक्रिय रूप से कार्य कर रहा हूं।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >