पाकुड़: पाकुड़ रेलवे स्टेशन के मालगोदाम रोड स्थित फुट ओवरब्रिज के नीचे ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) स्थापित करने की प्रक्रिया तेज हो गई है. वर्तमान में स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार पर एटीवीएम की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन मालगोदाम रोड की ओर यह सुविधा नहीं होने से उस दिशा से आने-जाने वाले यात्रियों को टिकट लेने के लिए मुख्य भवन तक जाना पड़ता है. नई मशीन लगने से इस समस्या का समाधान होगा.
रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने बुधवार को निर्माणाधीन स्थल का संयुक्त निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति एवं तकनीकी तैयारियों का जायजा लिया. निरीक्षण का नेतृत्व स्टेशन प्रबंधक एलआर हेम्ब्रम ने किया. निरीक्षण दल में वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (कार्य) परितोष रंजन, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (दूरभाष) संजय कुमार ओझा, वरिष्ठ विद्युत अनुभाग अभियंता राजू कुमार तथा वाणिज्य पर्यवेक्षक सिकंदर मंडल शामिल थे.
इस दौरान वार्ड पार्षद निभा देवी भी उपस्थित रहीं. बताया गया कि नगर परिषद की वार्ड पार्षद निभा देवी ने मालगोदाम रोड की ओर से आने वाले यात्रियों की सुविधा को देखते हुए मंडल रेल प्रबंधक, पूर्व रेलवे, हावड़ा से इस स्थान पर एटीवीएम लगाने की मांग की थी. इसके बाद वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक राहुल रंजन के निर्देश पर कार्य शुरू कराया गया.
वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (कार्य) परितोष रंजन ने बताया कि एटीवीएम के लिए शेड एवं अन्य निर्माण कार्य अगले पांच दिनों में पूरा कर वाणिज्य विभाग को सौंप दिया जाएगा. विद्युत एवं दूरसंचार विभाग भी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करेंगे. अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस माह के अंत तक मशीन चालू कर दी जाएगी.
नई एटीवीएम शुरू होने के बाद मालगोदाम रोड की ओर से आने वाले यात्रियों को टिकट के लिए स्टेशन के मुख्य भवन तक नहीं जाना पड़ेगा. इससे टिकट लेने में समय की बचत होगी और दैनिक रेल यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी.
