जंगल में मिले शव मामले में पुलिस को 48 घंटे में बड़ी सफलता, राज खुला संवाददाता, पाकुड़ पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमलौंग ओपी पुलिस ने एक अज्ञात व्यक्ति की हत्या के मामले का 48 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया पत्थर भी बरामद कर लिया है. मामले की जानकारी रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी अनुदीप सिंह ने दी. घटना के बाद एसआइटी ने की थी जांच एसपी ने बताया कि 28 मई को लिट्टीपाड़ा प्रखंड के बड़ा चटकम गांव स्थित जंगल में एक सड़ा-गला शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी. सूचना के बाद सिमलौंग ओपी थाना में बीएनएस-2023 की धारा-103 (1)/238/3(5) के तहत कांड संख्या-27/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई. अनुसंधान के दौरान मृतक की पहचान गोड्डा जिले के सुन्दरपहाड़ी थाना क्षेत्र के राजाभीठा निवासी 35 वर्षीय सुनील पहाड़िया, पिता चमरा पहाड़िया के रूप में हुई. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया. तकनीकी व आधुनिक वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर हुई जांच टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मानवीय, तकनीकी और आधुनिक वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया तथा लगातार छापेमारी अभियान चलाया. पुलिस की त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिमलौंग ओपी क्षेत्र के बड़ा चटकम निवासी 28 वर्षीय जलिया पहाड़िया तथा 30 वर्षीय धर्मा पहाड़िया के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने इस हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. मामले के उद्भेदन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव, लिट्टीपाड़ा प्रभाग के पुलिस निरीक्षक बाबुराम भगत और सिमलौंग ओपी प्रभारी बलवंत दुबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही. इसके अलावा पुलिस अवर निरीक्षक दिलीप बास्की एवं मुन्ना प्रसाद, सहायक अवर निरीक्षक मृत्यंजय कुमार पाठक तथा सिमलौंग ओपी के सशस्त्र बल के जवानों ने भी छापेमारी अभियान में सक्रिय योगदान दिया. क्या कहते हैं एसपी “मानवीय, तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर एसआईटी ने 48 घंटे के भीतर हत्याकांड का सफल उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. ” — अनुदीप सिंह, एसपी
पत्थर से कूच अज्ञात की कर दी गयी थी हत्या
पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र में जंगल में मिले शव के मामले में पुलिस ने 48 घंटे में बड़ी सफलता दर्ज की है। एसआईटी ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच कर दो आरोपियों जलिया पहाड़िया और धर्मा पहाड़िया को गिरफ्तार किया। मृतक की पहचान गोड्डा जिले के सुनील पहाड़िया के रूप में हुई। आरोपियों ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया। एसपी अनुदीप सिंह ने त्वरित कार्रवाई की जानकारी दी और पुलिस टीम की सराहना की।
