पाकुड़ : जिले के अमड़ापाड़ा की पुलिस ने गुप्त सूचना पर मंगलवार सुबह आमझारी जंगल में छापेमारी कर नक्सली डेविड मरांडी को गिरफ्तार कर लिया है. उसके पास से देशी पिस्तौल एवं तीन जिंदा कारतूस, एक मोबाइल व मोटर साइकिल बरामद किया गया है. एसपी अनूप बिरथरे ने प्रेस वार्ता में बताया कि डेविड पहले आर्म्स दस्ता में था. वर्तमान में नक्सली दस्ते को सूचना देने, सामग्री पहुंचाने का काम कर रहा था. पूछताछ में उसने कई घटनाओं में संलिप्तता स्वीकारी है.
उसने पाकुड़ जिले के अलावा दुमका जिले के गोपीकांदर एवं रामगढ़ में भी कई नक्सली घटनाओं को अंजाम दिया है. उसने बीते विधानसभा चुनाव के दौरान अमड़ापाड़ा बांसलोई नदी के किनारे बनाये गये चेकपोस्ट से लूटे गये राइफल कांड में भी संलिप्तता स्वीकारी है. डेविड ने बताया है कि लूटी गयी राइफल नक्सली दस्ता का कमांडर विजय उर्फ ताला दा के पास है. डेविड दुमका जिले के गोपीकांदर थाना क्षेत्र के चुनजो गांव का निवासी है. छापेमारी का नेतृत्व थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने किया.
