महेशपुर : भूमि अधिग्रहण बिल संशोधन को लेकर गुरुवार को महेशपुर में बंद शांतिपूर्ण व असरदार रहा. सुबह 8 बजे से ही आंबेडकर चौक के पास महागठबंधन के नेता एकजुट होकर सड़क पर नजर आये. व्यापारिक प्रतिष्ठान व दुकानें स्वतःस्फूर्त बंद रही. वाहन भी सड़कों पर नहीं दिखे. विद्यालय खुले रहे, पर बंदी के कारण बच्चों की उपस्थिति नगण्य रही. बंद समर्थकों ने साढ़े ग्यारह बजे सीओ सह बीडीओ उमेश मंडल, थाना प्रभारी उमेश चंद्र प्रसाद सहित पुलिस बल की उपस्थिति में गिरफ्तारी दी.
दोपहर करीब सवा बारह बजे स्थानीय विधायक प्रो स्टीफन मरांडी महेशपुर आंबेडकर चौक पहुंच कर बंद समर्थकों के साथ मुख्य सड़क पर बैठ गये. महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने रघुवर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. दोपहर करीब डेढ़ बजे के बाद विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने 141 बंद समर्थकों (महिला व पुरुष) के साथ महेशपुर थाने में गिरफ्तारी दी. झारखंड बंद का नेतृत्व झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल अदुद, झाविमो प्रखंड अध्यक्ष टीपू सुल्तान अंसारी, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मो महबूब आलम, सीपीआइएम के मदन भंडारी, संताल परगना जागवार बैसी के जोगेंद्र मुर्मू ने किया. प्रखंड मुख्यालय के अलावा हाथीमारा में ज्योतिन सोरेन के नेतृत्व में कैराछत्तर में अरुण भगत, दुमकाडंगाल में माइकल मुर्मू, बलियाडंगाल में एखलाकुर अंसारी के नेतृत्व में बंद का आयोजन किया गया, जो कि असरदार रहा.
