झामुमो ने फूंका सीएम का पुतला

धर्म स्वतंत्र विधेयक पारित करने के विरोध में झामुमो कार्यकर्ताओं ने हिरणपुर में प्रदर्शन किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने रघुवर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आमजनता के प्रति सरकार की मंशा साफ नहीं है. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी भी की. हिरणपुर : झामुमो जिला अध्यक्ष श्याम यादव के […]

धर्म स्वतंत्र विधेयक पारित करने के विरोध में झामुमो कार्यकर्ताओं ने हिरणपुर में प्रदर्शन किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने रघुवर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आमजनता के प्रति सरकार की मंशा साफ नहीं है. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी भी की.
हिरणपुर : झामुमो जिला अध्यक्ष श्याम यादव के नेतृत्व में झामुमो कार्यकर्ताओं ने रविवार को हिरणपुर सुभाष चौक पर सूबे के मुख्यमंत्री रघुवर दास का पुतला फूंका.
झामुमो पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर सत्ता के गरूर में जबरन धर्म-स्वतंत्र विधेयक-2017 व भूमि अर्जन पुनर्वास व पुन: स्थापन में उचित प्रतिकार तथा प्रदर्शित का अधिकार झारखंड संशोधन विधेयक 2017 पास कराने का विरोध किया. कार्यकर्ताओं ने हिरणपुर व महेशपुर पशु हाट को जल्द चालू करो, गरीबों पर अत्याचार करना बंद करो आदि के नारे लगाये. मौके पर मौजूद झामुमो जिलाध्यक्ष श्याम यादव ने कहा कि जनता ने जिस उद्देश्य से भाजपा को जनादेश दिया था उसी के विपरीत झारखंड सरकार कार्य कर रही है. कभी सीएनटी व एसपीटी एक्ट में संशोधन बिल लाकर तो कभी धर्म स्वतंत्र बिल लाकर नया बखेड़ा खड़ा कर रही है.
सरकार की मंशा आज जनता की जुड़े समस्याओं पर काम करना नहीं है, बल्कि झारखंड में बाहर से आये पूंजीपतियों को केवल लाभ दिलाना है. श्री यादव ने कहा कि यदि सरकार की मंशा साफ होती तो सदन में नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन जी की बातों को भी सुनते पर ऐसा नहीं हुआ जबरन सदन में उपरोक्त बिल को थोपने का काम किया.
जिला अध्यक्ष श्री यादव ने कहा कि जब विपक्ष ने नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन की अगुआई में दो विधेयक को प्रवर समिति में भेजने का आग्रह किया गया तो इसे भेजना चाहिए था. परंतु सरकार को जबरन थोपे जा रहे विधेयक को प्रवर समिति के द्वारा निरस्त किये जाने का भय था यही कारण है कि सत्ता पक्ष ने हंगामा करते हुए जबरन दोनों बिलों को आम जनता को थोपने का कार्य किया. श्री यादव ने कहा कि धर्म-स्वतंत्र विधेयक 2017 में स्वेच्छा से भी धर्मांतरण करने की अनुमति स्वतंत्र रूप से नहीं दी गयी है. इसके लिए भी उपायुक्त से पहले अनुमति लेनी होगी जो गलत है.
मौके पर झामुमो जिला सचिव समद अली, जिला उपाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम, जिला प्रवक्ता शाहिद इकबाल, उपाध्यक्ष महावीर भगत, प्रखंड अध्यक्ष इशहाक अंसारी, शाहीन परवेज, उमर फारूक, महमूद आलम, मुस्लोउद्दीन अंसारी, पप्पू गंगवानी, सुलेमान बास्की, जहूर आलम, सगीर अंसारी, सुनील टुडू ,चरण मुर्मू, गबरियाल हेंब्रम, सरकार टुडू , जाहिद आलम, श्याम हांसदा, पंचू यादव, यूसुफ खान सहित दर्जनों कार्यकर्ता शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >