साइबर स्पेस इस युद्ध का नया रणक्षेत्र है

Cyberspace : ईरान इस परिवर्तन के केंद्र में खड़ा एक जटिल उदाहरण है- कभी हमले का शिकार, तो कभी जवाबी रणनीति का निर्माता. वर्ष 2010 में ‘स्टक्सनेट’ नामक साइबर आक्रमण ने ईरान के नतांज परमाणु संयंत्र को निशाना बनाया और उसकी सेंट्रीफ्यूज मशीनों को गंभीर नुकसान पहुंचाया था.

Cyberspace : आज का युद्धक्षेत्र अब केवल सीमाओं, टैंकों और मिसाइलों तक सीमित नहीं रहा. एक नया मोर्चा खुल चुका है- डिजिटल, अदृश्य और लगातार सक्रिय. यह वह युद्ध है, जिसमें गोलियों की आवाज नहीं आती, लेकिन उसके प्रभाव उतने ही विनाशकारी होते हैं. अब कोई देश सीमा पार किये बिना दुश्मन की अर्थव्यवस्था, ऊर्जा व्यवस्था या संचार तंत्र को सीधे निशाना बना सकता है. आधुनिक युद्ध अब दो समानांतर धाराओं में चलता है-एक पारंपरिक और दूसरा साइबर, और कई बार साइबर मोर्चा अधिक निर्णायक साबित होता है.

ईरान इस परिवर्तन के केंद्र में खड़ा एक जटिल उदाहरण है- कभी हमले का शिकार, तो कभी जवाबी रणनीति का निर्माता. वर्ष 2010 में ‘स्टक्सनेट’ नामक साइबर आक्रमण ने ईरान के नतांज परमाणु संयंत्र को निशाना बनाया और उसकी सेंट्रीफ्यूज मशीनों को गंभीर नुकसान पहुंचाया था. वह पहली ऐसी घटना थी, जब किसी साइबर हमले ने सीधे भौतिक ढांचे को प्रभावित किया. उसने दुनिया को यह सिखाया कि कूट संकेत केवल सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि विनाश का औजार भी बन सकता है.


उस घटना के बाद ईरान ने अपनी रणनीतिक दिशा बदली और साइबर क्षमताओं को प्राथमिकता देने की शुरुआत की. ईरान ने तेजी से अपने साइबर ढांचे को विकसित किया और ऐसे तंत्र तैयार किये, जो प्रत्यक्ष रूप से राज्य से जुड़े बिना उसके हितों को आगे बढ़ा सकें. ‘पे-टू-की’ जैसे कूटभेदी हमलों के जरिये इस्राइली कंपनियों को निशाना बनाया गया. हाल के वर्षों में इस्राइल के खिलाफ साइबर हमलों में भारी वृद्धि दर्ज की गयी. यह दरअसल एक दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा है, जिसमें साइबर हमले, मनोवैज्ञानिक दबाव और आर्थिक व्यवधान एक साथ काम करते हैं. ईरान ने समझ लिया है कि डिजिटल मोर्चे पर लड़ाई कम लागत में अधिक असर डाल सकती है.

लबत्ता यह संघर्ष एकतरफा नहीं है. ईरान खुद भी कई बड़े साइबर हमलों का सामना कर चुका है. वर्ष 2021 में उसके ईंधन वितरण तंत्र पर हुए साइबर हमले ने पूरे देश में पेट्रोल की आपूर्ति बाधित कर दी, जिससे लंबी कतारें और अव्यवस्था का माहौल बन गया था. फिर 2023 में गैस स्टेशनों के बड़े हिस्से के ठप हो जाने की घटना ने दिखाया कि साइबर हमला सीधे आम नागरिकों के जीवन पर असर डाल सकता है. वर्ष 2024 में ईरान के बैंकिंग तंत्र पर हुए हमलों में कई वित्तीय संस्थान प्रभावित हुए, जिससे आर्थिक अस्थिरता का खतरा बढ़ गया. ये घटनाएं सबूत हैं कि साइबर युद्ध अब केवल रणनीतिक नहीं, सामाजिक और आर्थिक संकट भी पैदा कर सकता है. वर्ष 2026 तक आते-आते यह संघर्ष और अधिक वैश्विक रूप ले चुका है.

ईरान से जुड़े साइबर समूहों पर विदेशी कंपनियों, खासकर स्वास्थ्य और तकनीकी क्षेत्रों को निशाना बनाने के आरोप लगे हैं. इस युद्ध में साइबर स्पेस की कितनी बड़ी भूमिका है, इसका संकेत यूएस सेंट्रल कमांड के कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर ने देते हुए कहा था कि हम समुद्र की गहराइयों से लेकर अंतरिक्ष और साइबर स्पेस तक ईरान पर हमले जारी रखे हुए हैं. दूसरी तरफ ईरान ने कहा ही है कि अगर उसके तेल और गैस से जुड़े ढांचों पर हमला हुआ, तो उसके जवाब में वह अमेरिका और उसके क्षेत्रीय सहयोगियों के एनर्जी सिस्टम, आइटी सिस्टम और पानी साफ करने वाली सुविधाओं को निशाना बनायेगा. यूरोप-अमेरिका में कई संस्थानों ने अपने तंत्र की सुरक्षा बढ़ा दी है, क्योंकि ऐसे हमलों का खतरा बढ़ रहा है. साफ है कि साइबर युद्ध अब किसी एक क्षेत्र या देश तक सीमित नहीं है, बल्कि वैश्विक आपूर्ति शृंखला, वित्तीय बाजार और सार्वजनिक सेवाओं को सीधे प्रभावित कर सकता है.


ईरान और इस्राइल के बीच चल रहा ‘साइबर युद्ध’ इस पूरे परिदृश्य का सबसे सटीक उदाहरण है. यहां संघर्ष केवल जमीन या आसमान तक सीमित नहीं, बल्कि सर्वर और डाटा केंद्रों तक फैल चुका है. एक ओर ईरान समर्थित समूह ऊर्जा कंपनियों और सरकारी तंत्रों पर हमले कर रहे हैं, तो दूसरी ओर इस्राइल से जुड़े साइबर अभियान ईरान के रेल नेटवर्क, इस्पात उद्योग और वित्तीय व्यवस्था को निशाना बना रहे हैं. कई बार ये हमले सिर्फ नुकसान पहुंचाने के लिए नहीं, बल्कि रणनीतिक संदेश देने के लिए होते हैं-कि दुश्मन की पहुंच आपकी प्रणाली के भीतर तक है. साइबर युद्ध की तकनीकी प्रकृति को समझना भी उतना ही आवश्यक है. यह युद्ध कई चरणों में संचालित होता है-पहले लक्ष्य की पहचान, फिर उसके तंत्र की कमजोरियों का विश्लेषण, फिर प्रवेश के लिए छलपूर्ण संदेश या दुर्भावनापूर्ण कूट संकेत का उपयोग, और अंत में तंत्र के भीतर नियंत्रण स्थापित करना.

कई बार ‘रैनसमवेयर’ जैसे हमलों के जरिये डाटा को बंधक बना लिया जाता है, जबकि ‘डिस्ट्रीब्यूटेड डिनायल ऑफ सर्विस’ जैसे हमलों से किसी सेवा को ठप कर दिया जाता है. उन्नत हमलों में बिजली संयंत्र या जल आपूर्ति तंत्र को भी सीधे प्रभावित किया जाता है. इसी कारण यह युद्ध अदृश्य होते हुए भी अत्यंत जटिल और घातक है. एआइ इस पूरे समीकरण को और अधिक खतरनाक बना रहा है. साइबर हमले अब केवल मानव कौशल पर निर्भर नहीं हैं. एआइ की मदद से हमले तेज, स्वचालित और अधिक सटीक हो गये हैं. किसी तंत्र की कमजोरियों को पहचानना, छलपूर्ण संदेश तैयार करना और सूचनाएं चुराना अब मशीनों द्वारा संचालित हो सकता है.


अमेरिका, चीन, रूस और उत्तर कोरिया जैसे देश भी साइबर युद्ध को अपनी रणनीति का अहम हिस्सा बना चुके हैं. चुनावों में हस्तक्षेप, औद्योगिक जासूसी और डिजिटल तोड़फोड़ अब सामान्य रणनीतियां बन गयी हैं. साइबर क्षेत्र नया भू-राजनीतिक रणक्षेत्र बन चुका है, जहां शक्ति का प्रदर्शन खुले तौर पर नहीं, बल्कि छिपे हमलों के जरिये होता है. भविष्य की जंग सीमाओं के साथ हमारे डाटा, नेटवर्क और डिजिटल जीवन के हर हिस्से में मौजूद होगी. ईरान का उदाहरण इस बदलते युग की चेतावनी है कि शक्ति का असली केंद्र अब बारूद नहीं, बल्कि कूट संकेत बनता जा रहा है. भविष्य में वही देश सुरक्षित रहेंगे, जो अपने साइबर ढांचे को उतनी ही मजबूती से सुरक्षित रख पायेंगे, जितनी मजबूती से वे अपनी सीमाओं की सुरक्षा करते हैं. आगे की राह स्पष्ट है. देशों को अपनी साइबर सुरक्षा क्षमता में निवेश बढ़ाना होगा, कुशल विशेषज्ञ तैयार करने होंगे और अंतरराष्ट्रीय सहयोग मजबूत करने होंगे. भारत के लिए भी यह स्थिति चिंताजनक है. डिजिटल इंडिया, ऑनलाइन बैंकिंग, यूपीआइ और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं ने देश को तकनीकी रूप से मजबूत बनाया है, लेकिन जोखिम भी बढ़े हैं. (ये लेखक के निजी विचार हैं.)

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रभात सिन्हा

आईटी विशेषज्ञ

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >