नामकुम से राजेश वर्मा की रिपोर्ट
नामकुम: रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए बुंडू के करांबो निवासी 35 वर्षीय गुरुदयाल मुंडा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी दुष्कर्म के एक मामले में जेल जा चुका है.
जानकारी के अनुसार, नाबालिग अपनी मां के साथ नामकुम के बरगावां में किराये के मकान में रहती है. आरोपी का उनके घर पर आना-जाना था और वह कई बार रात में भी वहां रुकता था. आरोप है कि 16 अगस्त की रात आरोपी घर में ही रुका हुआ था. देर रात करीब 12 बजे मौका पाकर उसने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया.
घटना के बाद नाबालिग की तबीयत बिगड़ गयी. उसने अपनी मां को घटना की जानकारी दी. इसके बाद उसकी मां रात में ही उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल लेकर गयी. वहां चिकित्सकों ने पुलिस केस बताते हुए नाबालिग को रिम्स रेफर कर दिया.
रिम्स से घटना की जानकारी मिलने के बाद नामकुम पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची. पुलिस ने नाबालिग का बयान दर्ज किया. उसके बयान के आधार पर नामकुम थाना में पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी. इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
पहले भी दुष्कर्म के मामले में जेल जा चुका है आरोपी
नामकुम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रामनारायण सिंह ने बताया कि नाबालिग के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार गुरुदयाल मुंडा पूर्व में भी दुष्कर्म के आरोप में जेल जा चुका है. पुलिस आरोपी के अन्य आपराधिक मामलों की भी जानकारी जुटा रही है.
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के साथ आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है.
