कुड़ू (लोहरदगा): जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र में जंगल से दतवन तोड़ना एक महिला को भारी पड़ गया. बंदुआ गांव निवासी संतोष भगत की 28 वर्षीय पत्नी सुलंती उरांव पर अचानक जंगली भालू ने हमला कर दिया. भालू के हमले में महिला के पैर में गंभीर चोट आई है.
घटना के बाद साथ गए ग्रामीणों ने किसी तरह महिला को वहां से बाहर निकाला और इलाज के लिए कुड़ू सीएचसी पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल रेफर कर दिया. फिलहाल सदर अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में महिला का उपचार चल रहा है.
चार ग्रामीणों के साथ जंगल गई थी महिला
जानकारी के अनुसार, सुलंती उरांव चार अन्य ग्रामीणों के साथ 27 नंबर पुलिस पिकेट के समीप स्थित जंगल में दतवन तोड़ने गई थी. सभी लोग जंगल में दतवन तोड़ रहे थे. इसी दौरान अचानक एक जंगली भालू वहां पहुंच गया और सुलंती पर हमला कर दिया. अचानक हुए हमले से महिला को संभलने का मौका नहीं मिला. और वह भालू के हमले की शिकार बन गई.
ये भी पढ़ें- ‘योजना चाहिए तो कमीशन दो’, पाटन में पंचायत समिति की बैठक में जमकर हंगामा
पैर में आई गंभीर चोट
भालू ने महिला के पैर पर हमला किया, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई. महिला के साथ मौजूद ग्रामीणों ने भालू से उसे बचाने का प्रयास किया और किसी तरह उसे वहां से बाहर निकाला. इसके बाद घायल महिला को तत्काल कुड़ू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.
बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर
कुड़ू सीएचसी में चिकित्सकों ने महिला का प्राथमिक उपचार किया. चोट गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. परिजन और ग्रामीण महिला को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है. घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में भी जंगल क्षेत्र में जंगली जानवरों की मौजूदगी को लेकर चिंता है. ग्रामीणों का कहना है कि जंगल में रोजमर्रा की जरूरतों के लिए जाने वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है.
ये भी पढ़ें- चोरी की दो बाइक बरामद, एक के मालिक ने वर्ष 2019 में दर्ज कराई थी प्राथमिकी
