कुड़ू से अमित कुमार राज की रिपोर्ट
लोहरदगा थाना क्षेत्र के कुड़ू-सुंदरू मुख्य पथ पर बरवाटांड़ के समीप बाइक से गिरकर एक महिला की मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेज दिया.
बाइक के पीछे बैठी थी महिला, ठोकर के कारण हुआ हादसा
बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के विश्रामगढ़ गांव निवासी मनोज तुरी अपनी पत्नी फुलमनी देवी को बाइक से कुड़ू लेकर आया था. कुड़ू में काम निपटाने के बाद दोनों बाइक से वापस विश्रामगढ़ लौट रहे थे. इसी दौरान कुड़ू-बड़की चांपी भाया सुंदरू मुख्य पथ पर बरवाटांड़ के समीप सड़क पर बने ठोकर के कारण बाइक अनियंत्रित हो गयी. बाइक पर पीछे बैठी फुलमनी देवी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गयीं.
ये भी पढ़ें: मच्छरदानी के अंदर घुसा सांप, दो साल की बच्ची को डसा
लोहरदगा ले जाने के दौरान रास्ते में मौत
घायल महिला को इलाज के लिए कुड़ू सीएचसी पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें लोहरदगा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. लोहरदगा ले जाने के दौरान रास्ते में ही फुलमनी देवी की मौत हो गयी.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
महिला की मौत के बाद पुलिस को सूचना दी गयी. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: प्रशासन की बेरुखी से परेशान ग्रामीणों ने उठाया फावड़ा, पालकोट में एक किमी सड़क की श्रमदान से मरम्मत
