लोहरदगा. सदर थाना क्षेत्र के कूटमु चिगला टोली में चोरी की बढ़ती घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है. रविवार रात चोरों ने सुखदेव लोहरा के घर का मुख्य गेट और अंदर का दरवाजा तोड़कर करीब 1.32 लाख रुपये नकद समेत लगभग 6.50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिये. घटना के समय सुखदेव लोहरा पूरा परिवार घर से बहार था.
लगातार हो रही हैं चोरी की घटनाएं
पीड़ित ने सदर थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करा चोरी गये सामान की बरामदगी की मांग की है. पीड़ित के अनुसार चोरी गये जेवरात में मंगटीका, मंगलसूत्र, कान की बाली, नथ, गले की चेन, अंगूठी, चांदी की पायल, हाथ का छल्ला और कमरधनी समेत अन्य आभूषण शामिल हैं. ग्रामीणों का कहना है कि कूटमु क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं.
ये भी पढ़ें: फोन पर चीखते हुए घर के भीतर घुसा युवक, फिर लगा ली फांसी; पुलिस जांच में जुटी
सड़क खराब होने से रात में पुलिस गश्ती प्रभावित
क्षेत्र की सड़क खराब होने से रात में पुलिस गश्ती भी प्रभावित होती है. ग्रामीणों ने रात्रि गश्ती बढ़ाने, पूर्व की चोरी की घटनाओं का उद्भेदन करने और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि सड़क दुरुस्त होने से पुलिस की आवाजाही सुगम होगी और गश्ती प्रभावी होगी. ग्रामीणों ने जल्द चोरी का खुलासा कर नकदी और जेवरात बरामद करने की मांग की है.
