लोहरदगा. लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत ने नई दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से आत्मीय मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने केसी वेणुगोपाल को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस का प्रभारी बनाए जाने पर आभार जताया और पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिवादन किया.
मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा आदिवासी, दलित, पिछड़ा वर्ग और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया.
संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी निभाने का भरोसा
केसी वेणुगोपाल ने सांसद सुखदेव भगत को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं. उन्होंने भरोसा जताया कि भगत के लंबे राजनीतिक अनुभव, संगठनात्मक समझ और आदिवासी समाज के बीच मजबूत जनसंपर्क का लाभ छत्तीसगढ़ कांग्रेस को मिलेगा.
सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने उन जैसे एक छोटे कार्यकर्ता पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए वे हृदय से आभारी हैं. उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे.
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना तथा कांग्रेस की विचारधारा एवं जनहित के मुद्दों को घर-घर तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी. उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं के सहयोग से छत्तीसगढ़ में संगठन को नई मजबूती और ऊर्जा प्रदान की जाएगी.
सांसद सुखदेव भगत और केसी वेणुगोपाल की इस मुलाकात को कांग्रेस के भीतर भगत की बढ़ती संगठनात्मक भूमिका और नई राजनीतिक जिम्मेदारी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
