लोहरदगा: दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल के अधिकारियों ने गुरुवार को हटिया-लोहरदगा रेलखंड का निरीक्षण किया. निरीक्षण कार्यक्रम के तहत डीजल एसपीआईसी नंबर 250001 से हटिया से लोहरदगा और फिर लोहरदगा से हटिया तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया गया.
निरीक्षण के दौरान रेलवे अधिकारियों ने हटिया-लोहरदगा रेलखंड के बीच ट्रैक, रेल परिचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं और महत्वपूर्ण स्थलों का जायजा लिया. इस दौरान ब्रिज नंबर 115 का भी निरीक्षण किया गया. निरीक्षण का उद्देश्य रेलखंड की सुरक्षा और परिचालन व्यवस्था की स्थिति का आकलन करना था.
यह भी पढ़ें : डीडीसी ने प्लस टू चुन्नीलाल उच्च विद्यालय का किया निरीक्षण, विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए किया प्रेरित
रेलवे के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निरीक्षण में सीनियर डीएफएम/आरएनसी और सीनियर डीईएन(एस) समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने रेलखंड के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक बिंदुओं की जानकारी ली.
निरीक्षण को लेकर रेलवे के संबंधित विभागों को पहले ही एसपीआईसी की सफाई, सैनिटाइजेशन, चार्जिंग और वाटरिंग समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया था. साथ ही एसपीआईसी के सुचारू संचालन और निरीक्षण दल के लिए आवश्यक तकनीकी एवं परिचालन व्यवस्था भी की गयी थी.
रेलवे अधिकारियों के इस निरीक्षण को हटिया-लोहरदगा रेलखंड की सुरक्षा और बेहतर रेल परिचालन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. निरीक्षण के दौरान सामने आए विभिन्न बिंदुओं के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई किए जाने की संभावना है.
