सेन्हा, लोहरदगा : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत सोमवार को प्रखंड क्षेत्र की अलौदी, अरु और सेरेंगहातु तोड़ार पंचायत भवन में विशेष जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया. शिविर में अंचलाधिकारी-सह-प्रखंड निबंधन निर्वाची पदाधिकारी पंकज कुमार भगत, प्रखंड विकास पदाधिकारी संग्राम मुर्मू और श्रम अधीक्षक, गुमला उपस्थित थे.
जनसुनवाई के दौरान SIR के तहत नोटिस प्राप्त मतदाता आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित हुए. पदाधिकारियों ने मतदाताओं के दस्तावेजों की गहन जांच की और मतदाता सूची से संबंधित त्रुटियों के समाधान की प्रक्रिया पूरी की.
इस दौरान अधिकारियों ने मतदाताओं से अपील की कि जिन लोगों को बीएलओ के माध्यम से नोटिस प्राप्त हुआ है, वे जनसुनवाई कार्यक्रम में निर्धारित समय पर पहुंचकर आवश्यक दस्तावेज जमा करें और अपना नाम मतदाता सूची में सही तरीके से दर्ज कराएं, ताकि आगामी चुनाव में मतदान करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो.
मौके पर नितशिखा तिर्की, रौशन कुमार, गुहा उरांव, विशाल सिंह, सुजीत उरांव, प्रवीण साहू, नागमनी उरांव सहित सभी बीएलओ और मतदाता उपस्थित थे.
