लोहरदगा. पीएमश्री राजकीयकृत उत्क्रमित उच्च विद्यालय, कुजरा में बुधवार को सत्र 2026-27 की द्वितीय अभिभावक-शिक्षक बैठक सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपविकास आयुक्त राज महेश्वरम शामिल हुए. मौके पर विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, स्थानीय वार्ड सदस्य, सीआरपी जीतेन्द्र मित्तल, शिक्षक-शिक्षिकाएं और अभिभावक मौजूद थे.
कार्यक्रम की शुरुआत प्रभारी प्रधानाध्यापिका राजश्री भगत ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत करते हुए की. उन्होंने अभिभावक-शिक्षक बैठक के उद्देश्य की जानकारी देते हुए कहा कि पीटीएम बच्चों की शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक गतिविधियों के आकलन का महत्वपूर्ण मंच है. उन्होंने विद्यालय के विद्यार्थियों के जिला स्तरीय खेल गतिविधियों में किए गए प्रदर्शन की जानकारी भी दी.
बच्चों की नियमित उपस्थिति पर दिया जोर
मुख्य अतिथि डीडीसी राज महेश्वरम ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की. उन्होंने कहा कि बच्चों का भविष्य ही अभिभावकों और समाज का भविष्य है. बच्चों की सफलता में विद्यालय, शिक्षक और अभिभावक सभी की महत्वपूर्ण भूमिका है.
उन्होंने कहा कि बच्चों को नियमित विद्यालय नहीं भेजना उनके मौलिक अधिकारों को प्रभावित करता है. इसलिए अभिभावक बच्चों की उपस्थिति और पढ़ाई की नियमित निगरानी करें. जिले में सरकारी एवं पीएमश्री विद्यालयों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने तथा मैट्रिक परीक्षा में बेहतर परिणाम के लिए प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने अभिभावकों से शिक्षकों के साथ समन्वय बनाकर बच्चों की कमजोरियों और क्षमताओं पर चर्चा करने की अपील की.
कक्षा नौ के विद्यार्थियों के प्रदर्शन पर भी होगी नजर
डीडीसी ने कहा कि कक्षा नौ के विद्यार्थियों को कक्षा दस में प्रोन्नति के लिए निर्धारित उपस्थिति और शैक्षणिक प्रदर्शन के मानकों का पालन करना होगा. मासिक परीक्षा में अनुपस्थित रहने या अपेक्षित प्रदर्शन नहीं करने वाले विद्यार्थियों की प्रगति पर भी ध्यान दिया जाएगा. उन्होंने अभिभावकों से इस संबंध में शिक्षकों पर अनावश्यक दबाव नहीं बनाने की अपील की.
कार्यक्रम के दौरान रेल परीक्षा एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं तथा विद्यालय को प्रिंट रिच बनाने में योगदान देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया. निपुण भारत कार्यक्रम की गतिविधियों की जानकारी शिक्षक बैद्यनाथ प्रजापति ने दी. मंच संचालन सहायक शिक्षक भजन चक्रवर्ती ने किया.
मौके पर आरती, वीरेंद्र कुमार सिंह, जया मिश्रा, अंजेला आगाथा कुजूर, कुंदन कुमार, आशीष कुमार, राम कुमार साहू सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, सरस्वती वाहिनी समिति की माताएं, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य और अभिभावक उपस्थित थे.
