लोहरदगा. लोहरदगा में दो जरूरतमंद मरीजों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से आर्थिक मदद मिली है. कुल 3 लाख 50 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं. यह मदद सांसद सुखदेव भगत की अनुशंसा पर दी गई है. प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से पत्र भेजकर सांसद को इसकी जानकारी दी गयी है.
मोहम्मद जुल्फिकार को मिली 3 लाख की जीवन रक्षक सहायता
ग्राम अमला टोली, बगरू मोड़, लोहरदगा निवासी मोहम्मद जुल्फिकार को एक गंभीर बीमारी, जिसमें उनके शरीर के अंग काम करना बंद कर चुके थे, के इलाज के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 3 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गयी है. इससे उनके इलाज में आने वाले खर्च को पूरा करने में मदद मिलेगी.
यास्मीन सुल्ताना को इलाज के लिए मिले 50 हजार रुपये
न्यू रोड, मिल्लत कॉलोनी, लोहरदगा निवासी यास्मीन सुल्ताना, पति सरफुल अंसारी, को एक गंभीर बीमारी के इलाज के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत हुई है. राहत कोष से मिली इस सहायता से परिवार को इलाज के खर्च में काफी राहत मिलने की उम्मीद है.
गरीबों को इलाज के अभाव में नहीं होने दूंगा परेशान : सुखदेव भगत
सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि लोहरदगा के गरीब से गरीब व्यक्ति को इलाज के अभाव में तकलीफ न हो, यह उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि मोहम्मद जुल्फिकार और यास्मीन सुल्ताना की गंभीर बीमारी का मामला संज्ञान में आते ही उन्होंने व्यक्तिगत रूप से इसे आगे बढ़ाया और तत्काल प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से सहायता के लिए अनुशंसा की.
ये भी पढ़ें: रामगढ़ में झाड़ियों के नीचे मिला 17वीं सदी का प्राचीन बौद्ध मंदिर, रामायण की टेराकोटा पट्टिकाएं बनीं आकर्षण
गरीबों को इलाज से वंचित न होना पड़े, यही प्रयास : सांसद
सुखदेव भगत ने कहा कि उन्हें खुशी है कि प्रधानमंत्री कार्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत सहायता की स्वीकृति दी. उन्होंने कहा, "यह सुनिश्चित करना मेरी प्राथमिकता है कि लोहरदगा का कोई भी गरीब इलाज के अभाव में न तड़पे."
परिजनों ने सांसद के प्रति जताया आभार
सहायता स्वीकृत होने पर मोहम्मद जुल्फिकार और यास्मीन सुल्ताना के परिजनों ने कहा कि महंगे इलाज के कारण वे काफी परेशान थे. सांसद सुखदेव भगत की पहल से उन्हें आर्थिक मदद मिली है. परिजनों ने इसके लिए सांसद के प्रति आभार प्रकट किया.
पहले भी दर्जनों गरीब मरीजों को दिला चुके हैं सहायता
बताया गया कि इससे पहले भी सांसद सुखदेव भगत की पहल पर लोहरदगा के दर्जनों गरीब मरीजों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलायी जा चुकी है. जरूरतमंद मरीजों को इलाज के लिए मदद उपलब्ध कराने की दिशा में उनकी ओर से लगातार प्रयास किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: लोहरदगा में राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजे नन्हे-मुन्ने, दही हांडी में दिखाया उत्साह
