किस्को, लोहरदगा: किस्को थाना क्षेत्र के सलैया अंबा टोली निवासी कर्मदयाल लोहरा (पिता गणेश लोहरा) को नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले में दिल्ली के शालीमार बाग थाना पुलिस अपने साथ ले गयी. पुलिस के अनुसार युवक के खिलाफ शालीमार बाग थाना कांड संख्या 256/26 में बीएनएस की धारा 137(2), 64(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 6/17 के तहत मामला दर्ज है.
बताया गया कि बिहार निवासी एक नाबालिग की दिल्ली में युवक से दोस्ती हुई थी. इसके बाद दोनों दिल्ली से निकलकर सलैया अंबा टोली स्थित युवक के घर पहुंचे थे. नाबालिग की मां की शिकायत पर शालीमार बाग थाना में मामला दर्ज किया गया था. पुलिस ने पहले नाबालिग को सलैया अंबा टोली से बरामद कर दिल्ली ले गयी थी. परिजनों के अनुसार बाद में नाबालिग दोबारा युवक के घर आ गयी.
इसके बाद दिल्ली पुलिस ने शनिवार को दोनों को फिर सलैया अंबा टोली से बरामद किया. किस्को थाना प्रभारी मानस कुमार साधु ने बताया कि शनिवार को दोनों को किस्को थाना लाया गया. पूछताछ के बाद रात में नाबालिग को लोहरदगा सखी वन स्टॉप सेंटर में रखा गया. रविवार को पूछताछ पूरी होने के बाद युवक को दिल्ली के शालीमार बाग थाना पुलिस अपने साथ ले गयी. मामले में आगे की कार्रवाई दिल्ली पुलिस कर रही है.
