लोहरदगा. गणेशोत्सव को लेकर इन दिनों पूरा शहर भक्तिमय नजर आ रहा है. गली-मोहल्लों से लेकर प्रमुख चौक-चौराहों तक आकर्षक पूजा पंडाल सजाये गये हैं. सुबह-शाम भगवान गणेश की पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है. गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से शहर का वातावरण गुंजायमान है.
बरवाटोली, पतराटोली, बौली बगीचा, बड़ा तालाब, वीर शिवाजी चौक, लहेरी मुहल्ला, गुदरी बाजार सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर गणेश पूजा का आयोजन किया जा रहा है. पूजा समितियों द्वारा आकर्षक पंडालों का निर्माण कर उन्हें रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है. शाम होते ही पंडालों की सजावट देखते ही बन रही है. श्रद्धालु परिवार के साथ पूजा पंडालों में पहुंचकर भगवान गणेश का दर्शन कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना कर रहे हैं.
महाआरती में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़
शाम के समय विभिन्न पूजा पंडालों में आयोजित महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं. घंटी-घड़ियाल की ध्वनि और गणपति बप्पा के जयकारों से पूजा पंडाल गूंज उठते हैं. कई स्थानों पर पूजा समितियों द्वारा प्रतिदिन विशेष आरती और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं.
भंडारे में श्रद्धालु ग्रहण कर रहे प्रसाद
गणेश पूजा समितियों की ओर से कई स्थानों पर भंडारे का आयोजन भी किया जा रहा है. इसमें श्रद्धालुओं के साथ आम लोग भी शामिल होकर प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं. पूजा समितियों के सदस्य श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन की व्यवस्था संभालने में जुटे हुए हैं.
पूजा सामग्री की दुकानों पर भी बढ़ी चहल-पहल
गणेशोत्सव को लेकर बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ गयी है. पूजा सामग्री, फूल-माला, फल और प्रसाद की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखी जा रही है. शहर में गणेशोत्सव धार्मिक उत्साह के साथ-साथ आपसी मेल-जोल, सौहार्द और भाईचारे का संदेश भी दे रहा है.
