कुड़ू(लोहरदगा). लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना पुलिस ने पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी के निर्देश पर छापामारी करते हुए कुड़ू-लोहरदगा मुख्य पथ पर जीमा चौक के समीप स्थित एक पेट्रोल पंप से धान की भुसी लदा ट्रक से लगभग पचास लाख रुपए की शराब जब्त किया है. बरामद शराब पंजाब के चंडीगढ़ में बना हुआ है.
चंडीगढ़ से रांची पहुंचाने की थी योजना
पुलिस को संदेह है कि शराब चंडीगढ़ से रांची पहुंचाने की योजना थी. रांची के बाद राज्य के अलग-अलग हिस्सों के अलावा बिहार तक भेजा जा सकता था. पुलिस बरामद शराब का मिलान कर रहीं हैं.
एसपी को मिली थी संदिग्ध ट्रक की सूचना
पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी को सूचना मिली कि जीमा चौक स्थित एक पेट्रोल पंप के किनारे एक धान की भुसी लदा ट्रक संदिग्ध हालात में खड़ा हैं. पुलिस अधीक्षक ने मामले की जानकारी कुड़ू थाना प्रभारी अजीत कुमार को देकर जांच का निर्देश दिए.
एसपी के निर्देश पर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ जीमा चौक पहुंचे. मालवाहक ट्रक के चालक व खालासी की खोजबीन की गई लेकिन कोई भी सामने नहीं आया. इसके बाद पुलिस ट्रक को लेकर कुड़ू थाना पहुंची.
भुसी हटाते ही सामने आई शराब की पेटियां
धान भुसी लदे ट्रक की जांच शुरू की गई. मालवाहक ट्रक के पीछे, आगे व साईड में धान की भुसी से भरा बोरा लदा हुआ था लेकिन धान का भुसी बोरा हटाते ही पुलिस की आंखें चुंधिया गईं. मालवाहक ट्रक के बीच में मैक डेवल नंबर वन शराब की पेटी लदा हुआ था. मालवाहक ट्रक में लगभग आठ सौ पचास पेटी शराब लदा था.
शराब पर लगा था केवल चंडीगढ़ में बिक्री का लोगो
जब्त शराब का निर्माण चंडीगढ़ में किया गया था साथ ही केवल चंडीगढ़ में बेचने का लोगो लगा हुआ था.
रात में रास्ता भटक गया चालक, पेट्रोल पंप के पास छोड़ा ट्रक
बरामद शराब के संबंध में बताया गया कि शराब चंडीगढ़ से रांची पहुंचाने की योजना थी लेकिन रात होने के कारण चालक सड़क मार्ग भटक कर जीमा चौक पहुंच गया. इसके बाद शराब लदा मालवाहक ट्रक को पेट्रोल पंप के समीप खड़ा करते हुए चालक, खालासी व शराब लदा ट्रक को स्कार्ट कर रहे तस्कर भाग निकले. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: चौपारण में पुलिस की छापेमारी, 790 पैकेट नकली गोल्ड फ्लैक सिगरेट बरामद; दुकानदार हिरासत में
