गोपी कुंवर
लोहरदगा : शहर के सबसे व्यस्त अपर बाजार स्थित खत्री ज्वेलर्स में गुरुवार शाम लूट की बड़ी वारदात टल गई. दुकान संचालक संजय खत्री की सूझबूझ और बहादुरी से हथियारबंद अपराधियों के मंसूबे नाकाम हो गये. हाथापाई के दौरान उन्होंने एक बदमाश के हाथ से देशी कट्टा छीन लिया, जिसके बाद डरकर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना शाम करीब पांच बजे की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार दो युवक ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे और सोने के आभूषण दिखाने को कहा. इसी दौरान अचानक एक युवक ने दुकानदार से उलझते हुए उस पर देशी कट्टा तान दिया और लूट की कोशिश की.
कट्टा तानते ही भिड़ गए दुकानदार
अचानक हुई इस घटना से घबराने के बजाय दुकान संचालक संजय खत्री ने साहस का परिचय दिया. उन्होंने हथियारबंद बदमाश का मुकाबला किया. दोनों के बीच हाथापाई हुई, जिसमें संजय खत्री ने अपराधी के हाथ से देशी कट्टा छीन लिया. अपने साथी को घिरता देख दूसरा आरोपी भी दुकान से बाहर निकल आया. इसके बाद दोनों बदमाश दुकान के बगल की गली से मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए.
पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. दुकानदार ने अपराधी से छीना गया देशी कट्टा पुलिस को सौंप दिया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की पहचान में जुटी है. दिनदहाड़े शहर के व्यस्त बाजार में हुई इस घटना से व्यापारियों में दहशत का माहौल है. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग खत्री ज्वेलर्स पहुंच गए और घटना की जानकारी ली.
एक सप्ताह पहले भी आया था संदिग्ध युवक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वारदात में शामिल एक संदिग्ध युवक करीब एक सप्ताह पहले भी ग्राहक बनकर इसी दुकान पर आया था. उस समय उसने काफी देर तक आभूषण देखे थे, लेकिन बिना खरीदारी किए लौट गया था. पुलिस को आशंका है कि उस दौरान उसने दुकान की रेकी की थी और गुरुवार को सुनियोजित तरीके से लूट की वारदात को अंजाम देने पहुंचा था.
जल्द गिरफ्तारी का दावा
पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार अपराधियों की पहचान की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ये भी पढ़ें...
झारखंड के सदर अस्पतालों में PPP मोड की पैथोलॉजी सेवाएं होंगी बंद, सरकारी जांच को बढ़ावा
कई दशक से आतंक मचा रहा था मिसिर बेसरा, गिरफ्तारी से टूटी माओवाद की कमर, लाल आतंक का अंत
