कानूनी समस्या हो तो चुप न रहें, हिसरी में डालसा सचिव ने ग्रामीणों से की पीएलवी से संपर्क की अपील

किस्को प्रखंड के हिसरी पंचायत में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. डालसा सचिव मनोरंजन कुमार ने ग्रामीणों को कानूनी अधिकारों और निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में बताया. उन्होंने जरूरतमंदों को न्याय से वंचित न रहने की अपील की.

किस्को. झालसा रांची एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डालसा लोहरदगा राजकमल मिश्रा के निर्देशानुसार नालसा की ओर से संचालित योजनाओं के तहत 60 दिवसीय मेगा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में मंगलवार को किस्को प्रखंड के हिसरी पंचायत भवन में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में डालसा सचिव मनोरंजन कुमार, पंचायत सचिव अजय कुमार, पीएलवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डालसा सचिव मनोरंजन कुमार ने कहा कि न्याय तक पहुंच प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार है. आर्थिक रूप से कमजोर, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को आर्थिक परेशानी के कारण न्याय से वंचित नहीं होना पड़े, इसके लिए विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध करायी जाती है.

उन्होंने कहा कि 60 दिवसीय मेगा जागरूकता अभियान के लिए हिसरी पंचायत का चयन किया गया है. अभियान का मुख्य उद्देश्य गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, नालसा की योजनाओं और विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना तथा जरूरतमंद लोगों को इनका लाभ दिलाना है.

गांव-घर तक पहुंचेंगे पीएलवी

डालसा सचिव ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए डालसा में कार्यरत पीएलवी का चयन किया गया है. पीएलवी गांव-घर तक पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याओं की जानकारी लेंगे और उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल करेंगे.

उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि कानूनी समस्या, घरेलू विवाद, महिला उत्पीड़न, बाल विवाह और नशा सहित अन्य मामलों में चुप नहीं रहें. ऐसी स्थिति में डालसा कार्यालय अथवा पीएलवी से संपर्क कर विधिक सहायता प्राप्त करें.

मनोरंजन कुमार ने अभिभावकों से बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने की अपील की. उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से बच्चे अपना बेहतर भविष्य बना सकते हैं. साथ ही ग्रामीणों से सरकार की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की.

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने डालसा सचिव के समक्ष अपनी विभिन्न समस्याएं रखीं. ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गयी. उपस्थित लोगों ने योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने और जागरूकता अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया.

मौके पर पीएलवी निशा कुमारी, कलिंदर उरांव, रोहित कुमार, कलावती कुमारी, शाहिद हुसैन, वीरचंद भगत, बबलू भगत सहित पंचायत के ग्रामीण मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गोपी कृष्ण

गोपी कृष्ण वर्तमान में ब्यूरो प्रमुख हैं. समाज में व्याप्त समस्याओं, भ्रष्टाचार, अंधविश्वास, महिला उत्पीड़न, पलायन को लेकर काम में रूचि है. बहुत काम किया है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >