किस्को: लोहरदगा-पेशरार मुख्य सड़क पर बीते रात्रि हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है. जानकारी के अनुसार बगड़ू में बॉक्साइट ट्राली के लिए लगे हिंडाल्को के रोपवे खंभे से केटीएम आरसी 125 बाइक नंबर 'JH03AA5175' अनियंत्रित होकर टकरा गई.
बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों युवक खंभे से लटक गए. हादसे में घायल दोनों युवकों की पहचान रोशन उरांव पिता धर्मचंद उरांव, गांव भक्सो, लोहरदगा एवं मनीष उरांव पिता बीरेश उरांव, ग्राम बड़चोरगाई, खम्हन के रूप में हुई है.
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों को पहले लोहरदगा सदर अस्पताल ले जाया गया. सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने खम्हन निवासी मनीष उरांव को बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया. रिम्स में इलाज के दौरान मनीष की मौत हो गई.
वहीं भक्सो निवासी रोशन उरांव का इलाज अभी भी लोहरदगा सदर अस्पताल में चल रहा है और उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है. ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर तेज रफ्तार बाइक के कारण आए दिन दुर्घटना आम बात हो गई है.
प्रसाशन द्वारा दुर्घटना की रोकथाम हेतु कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं. सड़क सुरक्षा का पालन नही होने के कारण दुर्घटना होते रहती है. सड़क पर तेज रफ्तार बाइक में स्टंट के कारण राहगीरों को काफी परेशानी होती है.
रात के समय इस सड़क पर रोपवे खंभों के पास पर्याप्त रिफ्लेक्टर और साइनेज नहीं होने से अक्सर हादसे होते हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है.
