कुड़ू में नववर्ष का भव्य स्वागत : पिकनिक स्पॉट पर उमड़ा जनसैलाब

कुड़ू में नववर्ष का भव्य स्वागत : पिकनिक स्पॉट पर उमड़ा जनसैलाब

कुड़ू़ नववर्ष 2026 का आगाज कुड़ू प्रखंड में भारी उत्साह और उमंग के साथ हुआ. बुधवार मध्यरात्रि 12 बजते ही आसमान आतिशबाजी से सतरंगी हो उठा और लोग एक-दूसरे को बधाई देने लगे. गुरुवार सुबह मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. विशेषकर महादेव मंडा सलगी, टिको शिव मंदिर, तान पहाड़ी शिवधाम और सतबाहिनी मंदिर में लोगों ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की. पर्यटकों से गुलजार रहे प्राकृतिक स्थल : सुबह 10 बजे से ही प्रखंड के तमाम पिकनिक स्थल सैलानियों से भर गये. आकर्षण का मुख्य केंद्र मंगरदाहा नदी स्थित 27 नंबर रेलवे पुलिया रही, जो राज्य की दूसरी सबसे ऊंची पुलिया है. यहां लोहरदगा के अलावा चंदवा और लातेहार जैसे पड़ोसी जिलों से भी काफी संख्या में पर्यटक पहुंचे. इसके अलावा 33 नंबर रेलवे पुलिया, धोरधोरवा नाला, दक्षिण कोयल नदी के उर्मी घाट, सुकुरहुटू पतरा, कुंदो जंगल, दुलदुलिया पतरा, कांति फाल और दामोदर नद के उद्गम स्थल चूल्हपानी में भी पैर रखने की जगह नहीं थी. युवाओं की टोलियां डीजे की धुन पर थिरकती नजर आयी. सुरक्षा के कड़े इंतजाम, प्रशासनिक गश्त : किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये थे. प्रभारी बीडीओ सह सीओ संतोष उरांव और थाना प्रभारी अजीत कुमार ने स्वयं 27 नंबर पुलिया और धोरधोरवा नाला पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. पिकनिक स्पॉट पर दंडाधिकारियों के साथ पुलिस बल और वन सुरक्षा समिति के सदस्यों को तैनात किया गया था. पुलिस की निरंतर गश्त के कारण पूरे क्षेत्र में उत्सव शांतिपूर्ण रहा और कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shailesh ambashtha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >