भंडरा,लोहरदग्गा: खरीफ मौसम 2026 में किसानों की फसलों को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान से सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से कृषि विभाग की ओर से बुधवार को प्रखंड मुख्यालय में बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें प्रखंड के सभी कृषक मित्र, बीटीएम, एटीएम और संबंधित कर्मियों ने हिस्सा लिया।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य फसल बीमा की प्रक्रिया को सरल बनाना और किसानों तक योजना का लाभ समय पर पहुंचाना था। प्रशिक्षकों ने स्लाइड और प्रैक्टिकल के माध्यम से ऑनलाइन फसल बीमा कराने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी। बताया गया कि खरीफ 2026 में असिंचित अगहनी धान और भदई मकई फसलों का बीमा कराया जाएगा।
किसानों के लिए सुरक्षा कवच है फसल बीमा
बीटीएम प्रियांशु मिंज ने कहा कि फसल बीमा किसानों के लिए सुरक्षा कवच है। ओलावृष्टि, बाढ़, सूखा और कीट प्रकोप जैसी प्राकृतिक आपदाओं से फसल को होने वाले नुकसान की भरपाई बीमा के माध्यम से की जाती है। उन्होंने सभी कृषक मित्रों को अपने-अपने पंचायतों में जाकर किसानों को योजना की जानकारी देने और अधिक से अधिक किसानों का बीमा कराने का निर्देश दिया।
अजय कुमार ने बताया कि 10 से 20 अगस्त तक प्रत्येक पंचायत में शिविर लगाकर किसानों का फसल बीमा कराया जाएगा। उन्होंने किसानों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर समय पर बीमा कराने की अपील की।
कार्यक्रम में बीटीएम प्रियांशु मिंज, अजय कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे। अंत में सभी प्रतिभागियों ने फसल बीमा योजना को शत-प्रतिशत सफल बनाने का संकल्प लिया।
