लोहरदगा. पीएम श्री राजकीय कृत मध्य विद्यालय नवाडी पाड़ा लोहरदगा में सांस्कृतिक एक्सचेंज प्रोग्राम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत की विविध संस्कृति से परिचित कराना तथा उनमें आपसी भाईचारे, सहयोग और सांस्कृतिक समझ का विकास करना था. कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय ने पश्चिम बंगाल राज्य की संस्कृति को अपनाया. विद्यालय परिसर को पश्चिम बंगाल की पारंपरिक शैली और रंगों से सजाया गया. बच्चों ने पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित दर्शकों का खूब मनोरंजन किया. विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं. इस अवसर पर बच्चों ने पश्चिम बंगाल के खान-पान को भी अपनाया. विद्यार्थियों द्वारा पारंपरिक बंगाली व्यंजनों का निर्माण कर फूड स्टॉल लगाया गया, जहां खाद्य सामग्री की बिक्री की गयी. खास बात यह रही कि बच्चों ने स्टॉल से प्राप्त लाभ का लेखा-जोखा स्वयं तैयार किया, जिससे उनमें वित्तीय साक्षरता, प्रबंधन और उद्यमशीलता का विकास हुआ.कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से सभी शिक्षकों, सभी विद्यार्थियों, माता समिति के सदस्यों एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों के लिए पारंपरिक भोजन की व्यवस्था की गयी. सभी ने मछली-भात, कुरथी दाल-सब्जी एवं पायस (खीर) का आनंद लिया.
कार्यक्रम से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है
विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष अंजूषा उरांव ने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है. इससे बच्चे न केवल अन्य राज्यों की संस्कृति, भाषा और खान-पान को समझते हैं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सहयोग की भावना भी विकसित होती है.विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरुण राम ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पीएम श्री योजना के अंतर्गत ऐसे नवाचार आधारित कार्यक्रम बच्चों को व्यवहारिक ज्ञान देने में सहायक हैं. उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षा को रुचिकर बनाया जा सकता है, जिससे बच्चों में सीखने की ललक बढ़ती है। भविष्य में भी विद्यालय इस प्रकार के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.