किस्को,लोहरदग्गा: जल जीवन मिशन के तहत मंगलवार को पेशरार पंचायत के राजस्व ग्राम बांडोंबार में जलअर्पण दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को जल संरक्षण के महत्व और जलापूर्ति योजनाओं के नियमित रख-रखाव की जानकारी दी गयी। इस दौरान ग्रामीणों और अधिकारियों ने पानी बचाने तथा जल स्रोतों को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने कहा कि हर घर नल का जल योजना को सफल बनाने के लिए पानी की बर्बादी रोकना और जल स्रोतों का संरक्षण बेहद जरूरी है। ग्रामीणों को जलापूर्ति से जुड़ी संरचनाओं की नियमित साफ-सफाई और रख-रखाव के प्रति भी जागरूक किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना है। इसके लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। जल स्रोतों और जलापूर्ति संरचनाओं की नियमित देखभाल से योजनाओं को लंबे समय तक प्रभावी बनाए रखा जा सकता है।
जलअर्पण दिवस के माध्यम से ग्रामीणों को जल के महत्व, संरक्षण और सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, जल सहिया, पंचायत प्रतिनिधि, कनीय अभियंता, ब्लॉक वॉश समन्वयक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
