लोहरदगा: 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली वर्ष की तीसरी राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) ने तैयारी तेज कर दी है. झालसा, रांची एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष राजकमल मिश्रा के निर्देश पर डालसा सचिव मनोरंजन कुमार ने गुरुवार को अपने कार्यालय कक्ष में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक की.
बैठक में अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने और आम लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ पहुंचाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये. इस दौरान विभागवार लंबित एवं निष्पादन योग्य मामलों की जानकारी लेने के साथ अद्यतन आंकड़े उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई.
ये भी पढ़ें- पर्यावरण संरक्षण के लिए महिलाओं ने चलाया अभियान, ग्रामीणों के बीच बांटे पौधे
समय पर आंकड़े उपलब्ध कराने का निर्देश
डालसा सचिव ने संबंधित विभागों को अपने-अपने लंबित मामलों का अद्यतन आंकड़ा तैयार कर निर्धारित समय पर डालसा को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. इससे अधिक से अधिक मामलों को सूचीबद्ध कर सुलह-समझौते के आधार पर त्वरित निष्पादन किया जा सकेगा.
बैठक में संबंधित पक्षकारों को समय पर नोटिस तामिला कराने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया. सचिव ने कहा कि लोक अदालत कम समय और कम खर्च में आपसी सहमति के आधार पर विवादों के समाधान का प्रभावी माध्यम है. उन्होंने आम लोगों से 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में शामिल होकर अपने लंबित मामलों का शांतिपूर्ण तरीके से समाधान कराने की अपील की. बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे.
