सेन्हा़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बरही नदी पर बने पुल से शुक्रवार देर शाम सीमेंट लदा एक ट्रक (यूपी 60 एटी 8972) अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया. इस दुर्घटना में ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक को हल्की चोटें आयी है. स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को तत्काल अस्पताल भेजा गया. सूचना मिलते ही सेन्हा पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गयी है. पुल पर रेलिंग नहीं होने से लगातार हो रहे हादसे : जानकारी के अनुसार, ट्रक रांची से लोहरदगा की ओर आ रहा था. पुल पर रेलिंग नहीं होने और सामने से आ रहे वाहन की लाइट से आंखें चौंधिया जाने के कारण चालक ने संतुलन खो दिया. ग्रामीणों ने बताया कि इस पुल पर सुरक्षा मानकों का अभाव है, जिससे रात में वाहन चलाना जानलेवा साबित हो रहा है. नये पुल की उठी मांग : ग्रामीणों ने प्रशासन से नया पुल निर्माण कराने की मांग की है. लोगों ने बताया कि 2025 में आयी बाढ़ के दौरान यह पुल क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसे अस्थायी रूप से ठीक कर यातायात बहाल किया गया था. इसी नदी में पहले एक मोटरसाइकिल सवार भी तेज बहाव में बह गया था, जिसे ग्रामीणों ने बचाया था. लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
