नववर्ष पर अखिलेश्वर धाम में टेका माथा, नंदनी जलाशय में नौकाविहार का उठाया लुत्फ

नववर्ष पर अखिलेश्वर धाम में टेका माथा, नंदनी जलाशय में नौकाविहार का उठाया लुत्फ

भंडरा़ उम्मीद और विश्वास से भरा नूतन वर्ष 2026 भंडरा प्रखंड में उल्लास के साथ शुरू हुआ. बुधवार की मध्यरात्रि जैसे ही घड़ी की सुइयों ने 12 के अंक को छुआ, समूचा प्रखंड क्षेत्र आतिशबाजी की गूंज और रोशनी से सराबोर हो उठा. लोगों ने एक-दूसरे को ””””हैप्पी न्यू ईयर”””” कहकर बधाई दी. मोबाइल फोन और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक, व्हाट्सअप और इंस्टाग्राम पर शुभकामनाओं के आदान-प्रदान का सिलसिला देर रात तक चलता रहा. युवाओं की टोलियों ने मुख्य सड़कों और चौक-चौराहों पर डीजे की धुन पर थिरकते हुए नये साल का गर्मजोशी से स्वागत किया. आस्था और प्रकृति का संगम : नववर्ष की पहली सुबह भक्ति और प्रकृति के नाम रही. प्रखंड के ऐतिहासिक और सुप्रसिद्ध अखिलेश्वर धाम में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना कर वर्ष के मंगलमय होने की कामना की. मंदिरों में सुबह से ही लंबी कतारें देखी गयीं. आध्यात्मिक शुरुआत के बाद सैलानियों का रुख पिकनिक स्पॉट की ओर हुआ. प्रखंड के नंदनी जलाशय में इस वर्ष सैलानियों के लिए विशेष आकर्षण ””””नौकाविहार”””” रहा. लोहरदगा के अलावा रांची, गुमला और लातेहार जिलों से आये पर्यटकों ने जलाशय की लहरों के बीच नौकायन का जमकर आनंद लिया. इसके अतिरिक्त पझरी पहाड़, हिरनकट्ठा डैम और पाण्डेय बांध जैसे प्राकृतिक स्थलों पर भी युवाओं और परिवारों की भारी भीड़ रही, जहां सेल्फी और रील बनाने का क्रेज चरम पर दिखा. बृहस्पतिवार का प्रभाव : दो जनवरी को भी जमेगा रंग : इस वर्ष एक जनवरी को बृहस्पतिवार होने के कारण उत्सव का रंग थोड़ा बदला नजर आया. धार्मिक मान्यताओं के कारण बड़ी संख्या में लोगों ने इस दिन मांसाहार (नॉनवेज) से परहेज किया. इसका सीधा असर बाजार पर भी दिखा. मांस और मुर्गा विक्रेताओं के अनुसार, अन्य वर्षों की तुलना में इस बार पहली तारीख को बिक्री कम रही. हालांकि, जश्न अभी थमा नहीं है. लोगों ने दो जनवरी (शुक्रवार) को भव्य पिकनिक मनाने की विशेष योजना बनायी है. सैलानियों और स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे शुक्रवार को पिकनिक स्पॉट पर जाकर मांसाहारी व्यंजनों के साथ नये साल का जश्न मनायेंगे. दुकानदारों को उम्मीद है कि दो जनवरी को मांस और मुर्गा की रिकॉर्ड बिक्री होगी. इस प्रकार, भंडरा में नववर्ष का उत्सव लगातार दो दिनों तक चलने की पूरी संभावना है. प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार अलर्ट मोड पर है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shailesh ambashtha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >