लोहरदगा़ भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश उपाध्यक्ष अजातशत्रु ने नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष को पुष्पगुच्छ भेंट कर नयी जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामना दीं. मौके पर युवा मोर्चा के नेता अमित सिंह और अभिषेक सिंह भी उपस्थित थे. कार्यकर्ताओं का सम्मान करती है भाजपा : अजातशत्रु : मुलाकात के बाद अजातशत्रु ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही एकमात्र ऐसा संगठन है, जहां जमीन पर काम करने वाले निष्ठावान कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान मिलता है. उन्होंने नितिन नबीन के चयन को संगठन के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि वे इसका जीवंत उदाहरण हैं कि कैसे एक बूथ स्तर का कार्यकर्ता अपने परिश्रम के बल पर शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच सकता है. उनके लंबे राजनीतिक अनुभव और संगठन के प्रति समर्पण की सभी ने सराहना की. युवाओं की भागीदारी होगी और मजबूत : भाजयुमो उपाध्यक्ष ने विश्वास जताया कि नितिन नबीन के नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त होगा. उन्होंने कहा कि आगामी समय में पार्टी के भीतर युवाओं की भूमिका और भागीदारी और भी प्रभावी होगी. मुलाकात के दौरान नेताओं के बीच संगठनात्मक विषयों और पार्टी की भावी नीतियों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई. नेताओं ने इस मुलाकात को कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी बताया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
